चाय बेचने वाले ने ली 1.10 लाख की रिश्वत, तीन आरोपी गिरफ्तार, ब्लॉक अफसर की गिरफ्तारी को छापेमारी

आज की ताजा खबर क्राइम
Spread the love

अवैध माइनिंग करने वालों की तीन गाड़ियां पकड़ी, छुड़वाने के लिए मांगी गई थी 1.50 लाख की रिश्वत

विजिलेंस ब्यूरो ने 1,10,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में वन गार्ड, दिहाड़ी मजदूर और प्राइवेट व्यक्ति को किया काबू

चंडीगढ़। अवैध माइनिंग करने वालों पकड़ी गई तीन गाडियां छोड़ने के लिए चाय वाले समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चाय वाले के खाते में 1.10 लाख रुपए की रिश्तव के पासे ट्रांसफर किए गए थे। बिजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जिला एस.बी.एस. नगर के निवासी चाय बेचने वाले अमरजीत थिंद के अलावा नवांशहर वन विभाग में तैनात वन गार्ड तेजिंदर पाल सिंह, देहाड़ी मजदूर शमशेर सिंह को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है।

वन विभाग के ब्लॉक अधिकारी चिराग लखोतरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें उनके घर व अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस संबंध में इन मुलजिमों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो पुलिस थाना जालंधर रेंज में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

जब्त तीन गाड़ियां छुड़वाने को हुई डील

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह गिरफ्तारी मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद की गई है। इस शिकायत की जांच के दौरान यह बात सामने आई कि ब्लॉक ऑफिसर चिराग लखोतरा ने तेजिंदरपाल सिंह (वन गार्ड) और शमशेर सिंह (दिहाड़ी मजदूर) के साथ मिलकर शिकायतकर्ता मुहम्मद सलीम, जो वन विभाग की जमीन पर गैर-कानूनी माइनिंग में शामिल था, की तीन गाड़ियां (टिप्पर, जे.सी.बी. और मोटरसाइकिल) जब्त कर लीं और उसकी गाड़ियां वन विभाग के दफ्तर, नवांशहर ले आए।

चिराग ने दी 6 लाख जुर्माना लगाने की धमकी

उन्होंने आगे कहा कि ब्लॉक ऑफिसर चिराग लखोतरा ने शमशेर सिंह (दिहाड़ी मजदूर) के माध्यम से शिकायतकर्ता मुहम्मद सलीम को 6,00,000 रुपये का भारी जुर्माना लगाने की धमकी दी और शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई न करने तथा उसकी जब्त की गई गाड़ियां छोड़ने के बदले 1,50,000 रुपये की रिश्वत मांगी। शमशेर सिंह के सहयोगी अमरजीत थिंद (चाय बेचने वाला) ने मांगी गई उक्त राशि में से 70,000 रुपये (45,000 रुपये नकद और 25,000 रुपये यूपीआई के माध्यम से) प्राप्त किए।

यूपीआई से खाते में ट्रांसफर हुए पैसे

प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने दोबारा उक्त यूपीआई खाते में 40,000 रुपये ट्रांसफर किए। इस प्रकार, कुल 1,10,000 रुपये की राशि शमशेर सिंह के सहयोगी चाय बेचने वाले अमरजीत थिंद को दी गई थी। इसके बाद, शमशेर सिंह ने शिकायतकर्ता को बाकी 40,000 रुपये का भुगतान करने के लिए कहा, जो अभी तक प्राप्त नहीं हुए थे।

नप सकते हैं अन्य अफसर

जांच के दौरान, उक्त कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके चलते विजिलेंस ब्यूरो यूनिट एसबीएस नगर ने इन मुलजिमों को गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस ब्यूरो ने वन विभाग दफ्तर नवांशहर के ब्लॉक अफसर चिराग लखोतरा के घर और अन्य स्थानों पर छापेमारी करने के लिए टीमें गठित की हैं ताकि उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जा सके। इस संबंध में यदि वन विभाग के किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कोई सबूत सामने आता है तो उस अधिकारी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *