गणतंत्र दिवस पर केंद्र सरकार पर गरजे सीएम भगवंत मान, कहा – पंजाबी कभी झुके नहीं हैं और न ही कभी झुकेंगे

पंजाब पॉलिटिक्स
Spread the love

पंजाब को राजधानी, हाई कोर्ट, पंजाब विवि और जल अधिकारों से वंचित रखने का आरोप

दो टूक शब्दों में कहा-चंडीगढ़ पंजाब का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा

होशियारपुर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर होशियारपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के संवैधानिक अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी और तरक़्क़ी में ऐतिहासिक योगदान के बावजूद पंजाब को आज भी उसकी राजधानी, अलग हाई कोर्ट, पंजाब यूनिवर्सिटी और जल अधिकारों से वंचित रखा गया है। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि चंडीगढ़ पंजाब का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा, और राज्य सरकार अपनी राजधानी वापस लेने के लिए हर संवैधानिक व कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के अधिकारों को कमजोर करने के लिए लगातार साजिशें रची जा रही हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने फूट डालने वाली ताकतों और अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब में शांति, भाईचारा और एकता किसी भी कीमत पर बनाए रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाबी कभी झुके नहीं हैं और न ही कभी झुकेंगे।

अलग हाई कोर्ट न होना दुर्भाग्यपूर्ण

सीएम मान ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि पंजाब जैसे बड़े राज्य के पास आज तक अपना अलग हाई कोर्ट नहीं है, जबकि कई छोटे राज्यों को यह सुविधा प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में मामलों की अधिकता के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पंजाब की कुर्बानियों को किया याद

पंजाबियों की कुर्बानियों को याद करते हुए कहा कि कूका आंदोलन, गदर आंदोलन, बब्बर अकाली लहर, कामागाटा मारू त्रासदी और पगड़ी संभाल जट्टा जैसे आंदोलनों का नेतृत्व पंजाब ने किया। उन्होंने शहीद भगत सिंह, सुखदेव, ऊधम सिंह, करतार सिंह सराभा, लाला लाजपत राय समेत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पवित्र शहर घोषित, बड़ा आयोजन

सीएम मान ने श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो को पवित्र शहर घोषित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व वर्ष 2027 तक राज्य स्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा।

नशों व गैंगस्टरों पर सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियानों के तहत नशा तस्करों, गैंगस्टरों और नार्को-ड्रोन नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एंटी-ड्रोन तकनीक स्थापित की गई है और अब तक सैकड़ों ड्रोन जब्त किए जा चुके हैं।

रोजगार, सेहत व शिक्षा में उपलब्धियां

सीएम मान ने बताया कि अब तक 63,027 सरकारी नौकरियां बिना रिश्वत और सिफारिश के दी गई हैं। राज्य के सभी 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल रहा है। 881 आम आदमी क्लीनिक काम कर रहे हैं, जबकि 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए जा चुके हैं।

किसानों का योगदान सराहनीय

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश का अन्नदाता है। भीषण बाढ़ के बावजूद किसानों ने केंद्रीय पूल में 156 लाख मीट्रिक टन धान का योगदान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब ने देश के लिए अपनी उपजाऊ ज़मीन और जल संसाधनों की कुर्बानी दी, लेकिन बदले में उसे भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है।

मनरेगा और केंद्र पर आरोप

सीएम मान ने मनरेगा में किए गए बदलावों पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे अनुसूचित जाति, महिलाएं और भूमिहीन परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर अदालतों के माध्यम से केंद्र के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *