लुधियाना। पंजाब में विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड करने के मामले बढ़ते जा रहे है। फर्जी ट्रैवल एजेंट भोले-भाले लोगों को विदेश में सेटल होने का झांसा देकर उनसे लाखों ठग लेते है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। पंजाब में युवक से ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी कर ली गई है। इसके बाद पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विदेश का सपना दिखाकर झांसे में लिया
शिकायतकर्ता वस्सन सिंह ने पुलिस शिकायत में बताया है कि शातिर आरोपियों ने मिलीभगत करके उनके बेटे आकाशदीप सिंह को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया था। आरोपियों ने आकाशदीप को ऑस्ट्रेलिया का वीजा और वहां सैटल करवाने का सपना दिखाकर झांसे में लिया और किश्तों में कुल 5,82,000 रुपये की मोटी रकम वसूल कर ली।
ना विदेश भेजा और ना ही पैसे लौटाए
इसके बाद काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने ना तो युवक को विदेश भेजा और ना ही पैसे वापिस किए जिससे उनको अहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान दविंदर सिंह कटरा, प्रभजोत सिंह, संदीप सिंह, जगदीप सिंह, हरप्रीत सिंह, अलीशा और मुस्कान के रूप में हुई है।

