लुधियाना में शिक्षा मंत्री की सख्ती, BPEO सस्पेंड, तीन टीचर्स को कारण बताओ नोटिस

आज की ताजा खबर
Spread the love

अधिकतर छात्र साधारण पंजाबी पाठ तक भी अच्छी तरह से नहीं पढ़ पाए थे

मंत्री ने गणित के सवाल भी हल करवाए, जिसमें कमजोरी साफ नजर आई

वहीं आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि जवाबदेही तय हो सके

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जिम्मेदारी और अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा

उन्होंने तुरंत साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाएं सुधारने के आदेश भी दिए

लुधियाना

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने लुधियाना जिले के माछीवाड़ा में बड़ी कार्रवाई की है। माछीवाड़ा स्थित इंदिरा कॉलोनी सरकारी प्राइमरी स्कूल के औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने पर ब्लॉक प्राइमरी एजुकेशन ऑफिसर (BPEO) को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पाया कि स्कूल के अधिकतर छात्र साधारण पंजाबी पाठ तक ठीक से नहीं पढ़ पा रहे थे। इस स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए मंत्री ने कहा कि अगर बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत नहीं हुई, तो उनका भविष्य खतरे में पड़ सकता है।

तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी

शिक्षा मंत्री ने स्कूल में तैनात तीन शिक्षकों को भी न्यूनतम शैक्षणिक स्तर सुनिश्चित न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय मंत्री ने छात्रों से गणित के सवाल भी हल करवाए, जिसमें उनकी कमजोर तैयारी साफ नजर आई। शिक्षकों द्वारा स्टाफ की कमी की बात कहने पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी और अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा। आगे भी राज्यभर में ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि जवाबदेही तय की जा सके।

कागजों में अच्छा प्रदर्शन, हकीकत अलग

निरीक्षण के दौरान स्कूल की शैक्षणिक रिपोर्ट में छात्रों का प्रदर्शन अच्छा दिखाया गया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट पाई गई। इस पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने कहा कि कागजों और असल स्थिति में बड़ा अंतर है और इसकी जांच करवाई जाएगी। मंत्री बैंस ने साफ कहा कि रिकॉर्ड में हेरफेर करना जनता के विश्वास के साथ धोखा है। साथ ही स्कूल के कुछ कमरों में खराब रोशनी और गंदगी मिलने पर उन्होंने तुरंत साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाएं सुधारने के आदेश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *