पंजाब-चंडीगढ़ में सर्दी का डबल अटैक, ठंड और कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट, शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

दिल्ली-जालंधर नेशनल हाईवे पर कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई

हालांकि मौसम शुष्क बना रहेगा, 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1.5°C की गिरावट दर्ज

राज्य में गुरदासपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.3°C रिकॉर्ड किया

हिमाचल प्रदेश में कोहरे का अलर्ट, 28 और 30 दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

27 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना

पंजाब डेस्क

पंजाब और चंडीगढ़ में सर्दी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को लुधियाना में जहां शीतलहर चली, वहीं जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़ और मोहाली में अचानक घना कोहरा छा गया। दिल्ली-जालंधर नेशनल हाईवे पर कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई, जिससे वाहन रेंगते हुए नजर आए। मौसम विभाग ने पंजाब में ठंड और कोहरे के बढ़ने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

राज्य में गुरदासपुर सबसे ठंडा इलाका रहा

राज्य में गुरदासपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आदमपुर और बठिंडा में घना कोहरा छाया रहा, जबकि बठिंडा में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आदमपुर, पठानकोट, हरियाणा और चंडीगढ़ में विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर से भी कम रह गई। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान अब 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक बना

इसके बावजूद तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक बना हुआ है। आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मालेरकोटला में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, रूपनगर और मोहाली में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भी कोहरे का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 28 और 30 दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है। 27 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *