जालंधर के राज नगर इलाके में चलीं गोलियां

आज की ताजा खबर
Spread the love

बस्ती एरिया के एडीसीपी-2 मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी

2 से 3 बार फायरिंग की सूचना और घटनास्थल से दो खोखे बरामद

अभी तक इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी नहीं हो सकी है

दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही पुलिस और बयान पर आगे कार्रवाई

जालंधर

जालंधर के राज नगर इलाके में देर रात करीब 12 बजे फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान बब्बल के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और हालत अब स्थिर बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलते ही बस्ती एरिया के एडीसीपी-2 मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक 2 से 3 बार फायरिंग की सूचना है और घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं। अभी तक इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और बयान पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए

घटना के बाद परिजनों ने एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन करीब 45 मिनट तक एंबुलेंस न पहुंचने पर युवक को ऑटो के जरिए अस्पताल ले जाना पड़ा। इस दौरान घायल युवक दर्द से कराहता रहा। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घायल युवक की मां भारती ने कहा कि उनके बेटे पर नशा बेचने के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

पुरानी रंजिश में फायरिंग करवाई

वहीं, दूसरे पक्ष के जोगा ने भी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके परिवार को फंसाया जा रहा है। दूसरी ओर, सोनू और जसविंदर का कहना है कि सन्नी लूथरा ने 15-20 लड़कों को बुलाकर उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करवाई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सन्नी पर पहले भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मामले की गहराई से जांच जारी

स्थानीय लोगों के अनुसार, फायरिंग के दौरान एक बच्चा भी बाल-बाल बच गया। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि इलाके में 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई और झगड़े के दौरान ईंट-पत्थर व तेजधार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *