पहले दुकान के अंदर और फिर सड़क पर पहुंचा विवाद, पीड़ित ने रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी
ब्यूरो. जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में स्थित शोरूम लक्षता-लिप्सी में जमकर हंगामा हुआ। एक महिला और उसके ससुराल पक्ष के बीच विवाद हाथापाई की नौबत आ गई। देओल नगर इलाके के इस परिवार का झगड़ा शोरूम के सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। जहां तीन महिलाओं के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा होता दिखाई दे रहा है।
पीड़िता ने लगाए सास व देवरानी पर आरोप
पिंकी नाम की महिला ने आरोप लगाया कि उसकी सास और देवरानी शोरूम में उससे मारपीट करने पहुंच गईं। उसके पति का निधन हो चुका है और वह नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही है। महिला ने घटना की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी में दिखाई दे रहा झगड़ा
फुटेज के अनुसार पहले तीनों महिलाएं आपस में बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान सफेद कपड़े पहने एक महिला ने दूसरी की गर्दन पकड़ ली, जिसके बाद दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। शोरूम स्टाफ भी मौके पर मौजूद था। तीसरी महिला बीच-बचाव करती नजर आई और कुछ देर बाद तीनों बहस करते हुए बाहर निकल गईं।
सड़क तक पहुंचा विवाद
दूसरे कैमरे की रिकॉर्डिंग में विवाद शोरूम से बाहर सड़क तक पहुंचता दिख रहा है। वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड तीनों को शांत रहने और वहां से हटने के लिए कहता दिखाई देता है। फिलहाल शिकायत पंजाब पुलिस के थाना डिवीजन नंबर 6 में दी गई है, जबकि दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है।

