पंजाब में तीन बड़ी वारदातें, एक बार फिर प्रवासियों पर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

आज की ताजा खबर क्राइम
Spread the love

राजपुरा में चाय पी रहे प्रवासी युवक को बनाया निशाना, लुधियाना में कारोबारी पर चली गोली

मानसा में फार्म हाउस पर व्यापारी व कर्मचारी की गोलियां मारकर हत्या

ब्यूरो. पंजाब में गोलीबारी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पंजाब में एक बार फिर से प्रवासियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। प्रवासी युवक की पहचान पारस के रूप में हुई है। वहीं, मानसा में एक फार्म हाउस पर एक व्यापारी और उसके कर्मचारी की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। इन मृतकों की पहचान व्यापारी जसवीर सिंह और उनके मुलाजिम बलदेव सिंह के रूप में हुई है। इन दो बड़ी वारदातों के बाद पंजाब के लोगों में फिर से दहशत का माहौल है। संबंधित थानों की पुलिस ने घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी हमलावर की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

चाय पी रहे प्रवासी पर चलाई गोलियां

मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना पटियाला की है। जहां एक प्रवासी युवक चाय की दुकान पर बैठा चाय पी रहा था। तभी कुछ हमलावर आए और उन्होंने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस युवक की पहचान पारस के रुप में हुई है। उसे पहले एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, वहां से उसे निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

कुर्सी और जमीन पर पड़ी थी लाशें

वहीं इससे पहले सुबह पंजाब के मानसा में एक व्यापारी और उसके मुलाजिम की उनके फार्म हाउस पर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। एक की लाश कुर्सी पर पड़ी मिली है और वहीं दूसरे की नीचे जमीन पर पड़ी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही परिवार ने आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। इनकी हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

लुधियाना में कारोबारी पर बाजू में लगी गोली

तीसरी घटना लुधियाना में हुई। एक प्रिंटिंग का काम करने वाले कारोबारी को अचानक किसी ने गोली मार दी। कारोबारी की पहचान दिनेश कुमार के रूप में हुई है। वह शाम को जा रहा था। उसी समय उसे बाजू में तेज जलन और दर्द हुआ। उसने देखा कि उसे गोली लगी है। साथियों ने तुरंत उसे अस्पताल दाखिल कराया। उसका इलाज चल रहा है। दिनेश ने बताया कि उसकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। परिवार के लोग दशहत में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *