दिल्ली होटल अग्निकांड में 21 की मौ’त

आज की ताजा खबर देश
Spread the love

मृतकों में 11 विदेशी नागरिक और 10 भारतीय शामिल हैं

आने-जाने का केवल एक ही रास्ता था, खिड़कियां बंद थीं

आपातकालीन निकासी न होने से कई लोग अंदर फंस गए

इमारत की 5 मंजिलों पर 25 से अधिक कमरे बनाए गए थे

नई दिल्ली

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर के होटल अग्निकांड में अबतक 21 लोगों की मौत हुई, जबकि 35 लोग घायल हैं। मृतकों में 11 विदेशी नागरिक और 10 भारतीय शामिल हैं। हादसे में बड़ी लापरवाही सामने आई। होटल में आने-जाने का केवल एक रास्ता था, खिड़कियां बंद थीं और आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं थी, जिससे कई लोग अंदर फंस गए। इस कारण सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी और कुछ ही मिनटों में धुआं पूरी इमारत में फैल गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल को केवल 6 कमरों की अनुमति मिली थी, लेकिन इमारत की 5 मंजिलों पर 25 से अधिक कमरे बना दिए गए थे।

मदद से 58 लोगों को बाहर निकाला

होटल के पास वैध फायर एनओसी भी नहीं थी। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से 58 लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों का इलाज अलग अलग अस्पतालों में चल रहा है, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। कई शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

जांच में यह भी सामने आया है कि होटल में फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर और स्प्रिंकलर सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहे थे। ग्राउंड फ्लोर पर एलपीजी सिलेंडर भी रखे गए थे, जिससे खतरा और बढ़ गया। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने होटल में हुए अवैध निर्माण और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की भी जांच शुरू कर दी है।

चार्टर्ड अकाउंटेंट व 8 सदस्यों की मौत

हादसे में गुरुग्राम के चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक अग्रवाल और उनके परिवार के 8 सदस्यों की भी मौत हो गई। बताया गया कि आग के दौरान विवेक ने अपने रिश्तेदार को फोन कर कहा था, “भाई, शायद हम बच नहीं पाएंगे। स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए बचाव कार्य में मदद की। कुछ लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर ऊपरी मंजिलों से कूदने वालों की जान बचाई, जबकि कई युवकों ने फंसे लोगों को बाहर निकालकर सीपीआर भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *