पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों स्कूल परिसरों को सुरक्षा के घेरे में ले लिया
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड भी जांच के लिए स्कूलों में तैनात किए गए
जालंधर ब्यूरो. जालंधर के कई प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एपीजे, कैंब्रिज, सीजेएस, पुलिस डीएवी स्कूल प्रबंधन समेत कई स्कूलों को ईमेल के जरिए यह धमकी मिली है। पता चलते ही स्कूल मैनेजमैंट ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और इन स्कूलों के परिसरों को सुरक्षा के घेरे में ले लिया। विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियाती कदम उठाए गए। स्कूल में छुट्टी कर दी गई। बच्चों को बाहर निकाला गया।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड पहुंचे
पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड भी जांच के लिए स्कूलों में तैनात किए गए। हर कक्षा, कार्यालय और परिसर के कोने-कोने की गहन तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि ईमेल की उत्पत्ति और भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम भी जांच में जुटी है।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस सतर्कता बरत रही
फिलहाल दोनों स्कूलों में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस सतर्कता बरत रही है। अभिभावकों में घटना को लेकर चिंता देखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है। जांच पूरी होने तक स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
ईमेल में यह लिखी धमकी
ईमेल के जरिए मिली धमकी पत्र में लिखा गया है कि 3 मार्च को होलिका दहन होगा, 4 मार्च को ईवल होली होगी और उसके बाद दिल्ली की ट्रेनों को खून से रंगा जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से बदला लेने की बात कही है। इस तरह की धमकियां लगातार पंजाब के विभिन्न स्कूलों और अन्य संस्थानों को मिल रही हैं। यह सिलसिला रूक नहीं रहा है।


