बिहार को जंगलराज से मुक्ति दिलाई, उनका राजनीतिक सफर बेदाग रहा : अमित शाह
नीतीश कुमार उच्च सदन पहुंचने तक बने रहेंगे बिहार के मुख्यमंत्री
नई दिल्ली ब्यूरो. बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया. गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा जदयू के वरिष्ठ नेता नामांकन में शामिल हुए. इसके बाद सभी नेता विधानसभा से निकल गए. वहीं गृह मंत्री अमित शाह भाजपा के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करने पहुंचे। इससे पहले बिहार पहुंचे केंद्रीय मंत्री अमित शाह का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शॉल और पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया. इस दौरान कुछ देर तक दोनों दिग्गज नेताओं के बीच बातचीत हुई. इसके बाद सीएम नीतीश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विधानसभा पहुंचे. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता पहले ही विधानसभा भी पहुंचे थे।
10 अप्रैल तक बने रहेंगे बिहार के मुख्यमंत्री
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 10 अप्रैल तक बिहार के मुख्यमंत्री बने रहेंगे. कारण कि 10 अप्रैल 2026 तक राज्यसभा का कार्यकाल है. नया टर्म इसके बाद ही शुरू हो रहा है. इससे साफ है कि जब तक नीतीश कुमार उच्च सदन नहीं पहुंच जाते. तब तक वह बिहार के मुख्यमंत्री बने रहेंगे. ऐसे में जदयू की कमान किसके हाथ में जाएगी, इसे लेकर अभी कुछ साफ नहीं है. कहा जा रहा है नीतीश के बेटे को कमान दी जा सकती है।
2005 से हैं बिहार के मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार वर्ष 2005 से बिहार के मुख्यमंत्री हैं. नीतीश ने कहा कि राज्य में नए मुख्यमंत्री और राज्य की नयी सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा. उन्होंने कहा, दाे दशकों से अधिक समय तक आपने लगातार मुझ पर विश्वास और समर्थन जताया है. हमने बिहार और आप सभी की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की है. आपके भरोसे और समर्थन की शक्ति से ही आज बिहार विकास और गरिमा की नई पहचान प्रस्तुत कर रहा है।
नीतीश ने एक्स पोस्ट पर क्या लिखा
नीतीश कुमार ने एक्स पर कहा मैं इस बार होने वाले चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखता हूं. उन्होंने कहा, मैं पूरी ईमानदारी के साथ आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि भविष्य में भी आपसे मेरा संबंध बना रहेगा और विकसित बिहार के निर्माण के लिए आपके साथ मिलकर काम करने का मेरा संकल्प अडिग रहेगा. राज्य में बनने वाली नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।
नीतीश का राजनीतिक सफर बेदाग रहा : शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राज्यसभा आने पर नीतीश कुमार का स्वागत है. 2005 से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री है. उनका कार्यकाल काफी स्वर्णिम रहा है. नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश कर रहे हैं. हम उनका स्वागत करते हैं. नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से मुक्ति दिलाई है. वो हमेशा से बीजेपी के सिंद्धांतों पर चले हैं. उनका राजनीतिक सफर बेदाग रहा है।


