200 प्रमुख उद्योगपतियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की ओर से की शिरकत
आधुनिकीकरण और विस्तार परियोजनाओं को प्रोत्साहन के दायरे में लाया गया
लुधियाना ब्यूरो. पंजाब सरकार ने औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026 की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना में आयोजित कार्यक्रम में इस नीति का औपचारिक शुभारंभ किया। इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में करीब 200 प्रमुख उद्योगपतियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिससे राज्य में निवेश को लेकर उद्योग जगत की रुचि साफ दिखाई दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह नीति पंजाब को निर्माण, सेवाओं और उभरती तकनीक के क्षेत्रों में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निवेश पर 100 प्रतिशत तक लाभ
सरकार के अनुसार औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026 के तहत उद्योगों को आकर्षित करने के लिए कई प्रोत्साहन और सुधार शामिल किए गए हैं। इसमें 24 क्षेत्र-विशेष नीतियां, पूंजी सब्सिडी, निवेश के आधार पर विभिन्न प्रोत्साहन पैकेज और स्थिर पूंजी निवेश पर 100 प्रतिशत तक लाभ जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा आधुनिकीकरण और विस्तार परियोजनाओं को भी प्रोत्साहन के दायरे में लाया गया है।
रोजगार सब्सिडी का लाभ मिलेगा
नीति में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए भी प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत 25 करोड़ रुपये के निवेश और 50 कर्मचारियों तक की परियोजनाओं को भी रोजगार सब्सिडी का लाभ मिलेगा। महिलाओं, एससी-एसटी, दिव्यांगजनों और आईटी-आईटीईएस क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया गया है।
25% अतिरिक्त प्रोत्साहन की घोषणा
सरकार ने सीमावर्ती और पिछड़े क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 25 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन की घोषणा की है। साथ ही स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए मोहाली में सरकारी स्टार्टअप हब स्थापित करने और सीड ग्रांट बढ़ाने का भी फैसला किया गया है। सरकार का दावा है कि इस नीति से राज्य में बड़े निवेश आएंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पंजाब कारोबार के लिए खुला है
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा, “यह नीति भारत और दुनिया भर के निवेशकों को एक स्पष्ट संदेश देती है: पंजाब कारोबार के लिए खुला है। यह पहली बार हुआ है जब किसी नीति के तहत निवेशकों को इतनी खुली और शक्ति दी गई है। यह लचीलापन और निवेशक-आधारित ढांचा बेमिसाल है और भारत में सबसे अधिक निवेशक-अनुकूल राज्य बनने के लिए पंजाब की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा
पंजाब सरकार ने दोहराया कि औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति 2026 औद्योगिक विकास को तेज करने, पंजाब की प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार ने घरेलू और वैश्विक निवेशकों को पंजाब में संभावनाओं की खोज करने और प्लाक्षा यूनिवर्सिटी मोहाली में 13-15 मार्च, 2026 को होने जा रहे प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन-2026 में भाग लेने के लिए भी आमंत्रित किया।

