‘पंजाब बचाओ रैली’: पंजाब में बनेगा इंडस्ट्री हब और युवाओं को मिलेंगे 10 लाख -सुखबीर बादल

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स
Spread the love

बड़ा इंडस्ट्री हब बनाया जाएगा और 300 एकड़ जमीन में स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित होगी

अकाली सरकार बनने पर पंजाब में 75% नौकरियां स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षित होंगी

बठिंडा ब्यूरो.शिरोमणि अकाली दल ने बठिंडा के भुच्चो मंडी में ‘पंजाब बचाओ रैली’ का आयोजन किया, जहां पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि बठिंडा क्षेत्र में एक बड़ा इंडस्ट्री हब बनाया जाएगा और उनके नाम पर करीब 300 एकड़ जमीन में स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही पंजाब के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज और एक वेटेरिनरी कॉलेज खोलने का वादा किया गया।

राज्य में किसी भी गरीब के पास कच्चा घर नहीं रहेगा

सुखबीर बादल ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर राज्य में किसी भी गरीब के पास कच्चा घर नहीं रहेगा। पंजाब के सभी 13 हजार गांवों में सीमेंट की गलियां और नालियां बनाई जाएंगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगर 2027 में अकाली दल की सरकार बनी तो पंजाब की नदियों में किसी भी फैक्ट्री या सीवरेज का पानी नहीं जाने दिया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी सरकार खुद उठाएगी।

सरकार आने पर कबड्डी वर्ल्ड कप फिर से शुरू होगा

उन्होंने आगे कहा कि अकाली सरकार आने पर कबड्डी वर्ल्ड कप फिर से शुरू किया जाएगा। स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल के नाम पर युवाओं के लिए 10 लाख रुपये तक का बिना ब्याज लोन देने की योजना लाई जाएगी, ताकि युवा अपना कारोबार शुरू कर सकें। यह लोन 10 साल में बिना ब्याज के वापस किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखे हमले भी किए

सुखबीर बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखे हमले भी किए। उन्होंने वादा किया कि सरकार बनने पर पंजाब में 75 फीसदी नौकरियां स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षित होंगी। मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों में गरीब छात्रों के लिए 50 फीसदी सीटें रिजर्व की जाएंगी। साथ ही आटा-दाल स्कीम दोबारा शुरू करने, बुढ़ापा पेंशन 3100 रुपये करने और गरीब लड़कियों की शादी के लिए एक लाख रुपये देने का भी ऐलान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *