चुनाव में लोग फिर ‘झाड़ू’ के जरिए कांग्रेस और अकाली-बीजेपी को सत्ता से बाहर करेंगे
कादियां में 168.44 करोड़ की लागत से 237 ग्रामीण लिंक सड़कों के नवीनीकरण की नींव
गुरदासपुर. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य अब दशकों से चले आ रहे राजनीतिक शोषण से निकलकर विकास, शिक्षा सुधार और जनकल्याण आधारित शासन की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में जनता फिर ‘झाड़ू’ के जरिए कांग्रेस और अकाली-बीजेपी को सत्ता से बाहर करेगी। गुरदासपुर के कादियां में 168.44 करोड़ रुपये की लागत से 237 ग्रामीण लिंक सड़कों के नवीनीकरण का नींव पत्थर रखने के बाद मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया।
सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाने पर काम
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाने पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने आम लोगों की जरूरतों से ज्यादा कमीशन और सत्ता की राजनीति को महत्व दिया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार निवेश और विकास के जरिए युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
5.20 लाख नौकरियां पैदा होने की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 1.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिससे करीब 5.20 लाख नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार ने काहनूंवां को सब-डिवीजन बनाने का फैसला किया है ताकि लोगों को एक ही जगह पर सरकारी सेवाएं मिल सकें। साथ ही स्कूलों को आधुनिक बनाने और शिक्षकों को विदेश में प्रशिक्षण देने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
कांग्रेस और अकाली दल पर निशाना साधा
मान ने कांग्रेस और अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों ने वर्षों तक पंजाब की संपत्ति को लूटा और लोगों को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई नेता खुद को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, जबकि अकाली दल के पास पार्टी कमेटी बनाने के लिए भी पर्याप्त सदस्य नहीं हैं, लेकिन वे 117 सीटें जीतने के सपने देख रहे हैं।
10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोगों की भलाई के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत राज्य के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

