बारिश ने सुहाना किया मौसम, फिर होने लगा ठंड का अहसास, पंजाब के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

आज की ताजा खबर मौसम
Spread the love

मौसम विभाग ने आज और कल के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश के कारण मौसम ने ली अचानक करवट

चंडीगढ़. पंजाब में गरज-चमक के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 दिनों में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में 4 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

सबसे ठंडा रहा अमृतसर

तापमान की बात करें तो अमृतसर सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। पटियाला में 27.7 डिग्री, लुधियाना में 26.2 डिग्री और पठानकोट में 22.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। कई जगहों पर 5 डिग्री से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। तापमान में 24 घंटों के भीतर 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड एक बार फिर जनवरी जैसी महसूस होने लगी है। यह तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है।

आज और कल बारिश

मौसम विभाग ने आज और कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट अमृतसर, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पटियाला, संगरूर और तरनतारन जिलों के लिए जारी किया गया हैै। राज्य के 5 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में आंधी-तूफान और 30 – 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं 19 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिनमें अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और मोहाली समेत कई इलाके शामिल हैं।

बर्फबारी ने सुहाना किया मौसम

वहीं पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम में बदलाव की वजह राजस्थान के ऊपर सक्रिय सिस्टम और एक पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है, जिससे उत्तर भारत के मौसम में अस्थिरता बनी हुई है।बारिश के आंकड़ों की बात करें तो 18 मार्च को पठानकोट में सबसे ज्यादा 4.5 मिमी और अमृतसर में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि लुधियाना और चंडीगढ़ में हल्की बूंदाबांदी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *