पुलिस ने श्रीनिवासन लुईस को कर्नाटक के मैसूर से पकड़ा है
लंबे समय से देशभर में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था
धमकी संदेश में स्कूल, कॉलेज और दफ्तरों पर साधा निशाना
पुलिस यह पता लगा रही उसके पीछे बड़ा नेटवर्क तो नहीं है
नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी भरे संदेश भेजने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस आरोपी को कर्नाटक के मैसूर से पकड़ा है। आरोपी की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवासन लुईस के रूप में हुई है। जांच के दौरान सामने आया कि वह लंबे समय से ईमेल और अन्य माध्यमों से देशभर में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
1100 से ज्यादा बार दे चुका है थ्रेट कॉल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अब तक 1100 से अधिक बम से उड़ाने की धमकी भरे संदेश भेजे थे, जिनमें स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तरों को निशाना बनाया गया था। इन धमकियों के कारण कई जगहों पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट जारी करना पड़ा और जांच अभियान चलाने पड़े। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।

