शिकायत मिलने के बाद खन्ना पुलिस ने मामला दर्ज किया
शगनप्रीत की मां ने चंडीगढ़ पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए
आरोप-उनके साथ मारपीट व 10 लाख रुपये की मांग की
आरोपी ने खुद को गैंगस्टर ‘डोनी बल’ बताकर धमकी दी
लुधियाना
लुधियाना के खन्ना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता सौदागर सिंह सराओ को पायल से गिरफ्तार कर लिया है। उन पर एक आढ़ती से 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद खन्ना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं, मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब शगनप्रीत सिंह की मां दलजीत कौर ने चंडीगढ़ पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
खुद को गैंगस्टर ‘डोनी बल’ बता धमकाया
उन्होंने डीजीपी को दी शिकायत में कहा कि उनके पति को घर से उठाकर अवैध रूप से हिरासत में रखा गया, उनके साथ मारपीट की गई और 10 लाख रुपये की मांग की गई। दलजीत कौर ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति की जान को खतरा है और उन्हें तुरंत सुरक्षित बरामद किया जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोपी ने खुद को गैंगस्टर ‘डोनी बल’ बताकर धमकी दी थी।
1 करोड़ रु की फिरौती मांगने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, यह मामला पायल इलाके का है, जहां हाल ही में एक आढ़ती को कॉल कर 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूत मिले, जिनके आधार पर यह सामने आया कि फिरौती की साजिश ऑस्ट्रेलिया में बैठे शगनप्रीत सिंह और पंजाब में रह रहे उसके पिता सौदागर सिंह ने मिलकर रची थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौदागर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

