हवन व समर्पण समारोह का आयोजन, फिजियोथेरेपी सेंटर और नई बस का उद्घाटन
जालंधर, प्रकाशवती सर्वहितकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्या मंदिर में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दीप प्रज्वलन और तिलक समारोह के साथ की गई। जिसके पश्चात विद्यालय परिसर में विधिवत हवन यज्ञ संपन्न कराया गया। हवन के माध्यम से विद्यालय परिवार ने नए सत्र की मंगलकामना की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की। इस पावन अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सर्वहितकारी शिक्षा समिति पंजाब के वित्त सचिव विजय ठाकुर उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि अंचल और सुमीतपाल सिंह ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अनेक सम्मानित सदस्य भी उपस्थित रहे, जिनमें विभाग सचिव मनदीप तिवारी, प्रधान वरुण मेहता, वरिष्ठ उपप्रधान अनिल तिवारी, उपप्रधान राजेश शर्मा, प्रबंधक अश्विनी गुप्ता, संरक्षक सुमेश लूथरा, नरेश मल्होत्रा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा विशेष रूप से शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त समिति के अन्य सम्मानित सदस्य वीरेंद्र पाल (बंटी), संजीव खन्ना, प्रदीप सैनी, आरती सचदेवा और विक्की पूजारा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा अभिभावकगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया।
हवन के पश्चात विद्यालय द्वारा “अडॉप्ट टू एजुकेशन” योजना से जुड़े महानुभावों को उनके सहयोग और योगदान के लिए सम्मान-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और उनका हृदय से आभार व्यक्त किया गया।

मुख्य अतिथि विजय ठाकुर ने समर्पण और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यालय में शुरू किए गए फिजियोथेरेपी सेंटर का उद्घाटन किया गया, जिससे स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं प्राप्त होंगी। इसके बाद कार्यक्रम के अंतिम चरण में नई स्कूल बस का उद्घाटन किया गया, जो विद्यार्थियों की सुरक्षित और सुगम परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाएगी।
यह पूरा आयोजन अत्यंत सफल, प्रेरणादायक और यादगार रहा। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए नए सत्र के लिए सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सफलता की शुभकामनाएं दीं।

