बयान दर्ज होने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
बुजुर्ग महिला बुरी तरह घायल, अस्पताल में चल रहा ईलाज
हक मांगने के लिए ट्रैक्टर के सामने आकर लेट गई महिला
मामला बेहद गंभीर, फुटेज मुख्य सबूत के तौर पर शामिल
बठिंडा
पंजाब के बठिंडा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की। इस घटना में बुजुर्ग महिला बुरी तरह से घायल हो गई और उसका अस्पताल में ईलाज चल रहा है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। बयान दर्ज होने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमीन के बंटवारे को लेकर था विवाद
जानकारी के मुताबिक पीड़िता नसीब कौर और उनके बेटे कुलदीप सिंह के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। कुलदीप ट्रैक्टर को लेकर जा रहा था, इस दौरान उसकी मां अपना हक मांगने के लिए ट्रैक्टर के सामने आकर लेट गई और अपना विरोध जताया। जिसके बाद बेटे ने अपनी मां पर ही ट्रैक्टर चढ़ा दिया। नसीब कौर का अस्पताल में ईलाज चल रहा है।
मां को हाथों से पकड़ कर घसीटा भी
इतने में भी कुलदीप का दिल नहीं पिघला। उसने फिर अपनी घायल मां को ट्रैक्टर के नीचे से घसीटकर सड़क किनारे कर दिया। इसके बाद वह अपनी मां को पीटता हुआ भी दिखाई दे रहा है। घटना के बाद नसीब कौर को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं इस मामले पर डीएसपी अमृतपाल सिंह का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है। सीसीटीवी फुटेज को मुख्य सबूत के तौर पर शामिल किया गया है।

