जालंधर, आदमपुर हवाई अड्डे पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने STAR AIRLINES में दो महिला यात्रियों को नकली एयर टिकट के साथ पकड़ा है। यह महिलाएं आदमपुर से नांदेड जाने वाली फ्लाइट में सफर करने के लिए पहुंची थीं।
इसका खुलासा तब हुआ जब यह महिलाएं अपनी टिकट की चेकिंग करवाने के लिए टिकट काउंटर पर पहुंची। चेक इन काउंटर पर तैनात एयरलाइंस इंप्लाई ने उन्हें बताया उनकी टिकट नकली हैं। एयरलाइंस इंप्लाइज ने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को दीं।

यात्रा करने वाली महिलाओं ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने यह टिकट एजेंट के माध्यम से खरीदी हैंl इस मामले की आगे की जांच के लिए मामला पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले में एजेंट की पहचान करके उनसे पूछताछ करेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
इस मामले में एयरपोर्ट डायरैक्टर पुष्पिदर निराला ने अपने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वह इस प्रकार के नकली हवाई टिकटों से सावधान रहें। एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी अपील की है कि एयरपोर्ट आने से पहले सभी हवाई यात्री अपने टिकट की जांच कर लें, ताकि इस प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
निराला ने पुलिस अधिकारियों से इस मामले की गहराई से जांच करवाने की मांग की है। ताकि अन्य यात्रियों को इस तरह के धोखे से बचाया जा सके। नकली टिकट के मामले चौंकाने वाले हैं। महिलाओं से पुलिस ने पूछताछ की है।

