हरियाणा में दिनदहाड़े फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या

आज की ताजा खबर देश
Spread the love

फायरिंग करने के बाद आरोपी मौके से भाग गए

डीघल गांव के सांपला रोड के ऑफिस की घटना

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास लोग पहुंचे

मौके से गोलियों के खोल भी बरामद किए गए हैं

नेशनल डेस्क

हरियाणा के झज्जर जिले में बुधवार को दिनदहाड़े एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल साहिल को तुरंत रोहतक के कायनोस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में दिख रहा है कि हमलावर पहले ऑफिस के बाहर फायरिंग करते हैं, फिर अंदर घुसकर गोलियां चलाते हैं। इस दौरान एक युवक पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहा।

करीब 14 राउंड फायरिंग

घटना सुबह करीब 11:15 बजे डीघल गांव के सांपला रोड स्थित एक ऑफिस में हुई, जहां साहिल उर्फ सोनू (26) अपने साथियों के साथ बैठा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए तीन बदमाशों ने ऑफिस पर धावा बोल दिया। अंदर घुसने से पहले एक हमलावर ने पिस्टल से टेस्टिंग फायर कर हथियार चेक किया, जिसके बाद तीनों ने ऑफिस में घुसकर ताबड़तोड़ करीब 14 राउंड फायरिंग की।

आरोपियों की तलाश जारी

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके से गोलियों के खोल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *