जालंधर पुलिस की रेड पर उठे सवाल

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

रेड के दौरान 7 पुलिसकर्मी कैमरे में कैद

फुटेज के आधार पर पूरी कार्रवाई संदिग्ध

घर में नहीं था कोई सदस्य, गांव में दहशत

DIG ने कहा-जांच के बाद होगी कार्रवाई

जालंधर

जालंधर में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत की गई कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है। शाहकोट पुलिस की एक रेड का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। फुटेज में पुलिस अपनी निजी गाड़ी की डिक्की से एक नीला ड्रम निकालते हुए दिखाई दे रही है, जबकि आधिकारिक तौर पर यही ड्रम आरोपी के घर से बरामद दिखाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, जिस समय रेड की गई, उस वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। गेट भी अंदर से खुला नजर आता है और पुलिस बिना दस्तक दिए सीधे अंदर चली जाती है। पुलिस अधिकारी नवीन सिंगला ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। अगर CCTV फुटेज मौजूद है तो मामले की जांच की जाएगी। साफ किया कि अगर जांच में पुलिस की गलती सामने आती है तो टीम पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी फुटेज ने खड़े किए सवाल

सीसीटीवी वीडियो के अनुसार गांव दौलतपुर ढड्डा की गली में पहले एक सफेद XUV गाड़ी पहुंचती है, जिसमें से तीन लोग उतरते हैं। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचती है और एक काले गेट वाले घर में सीधे प्रवेश कर जाती है। फुटेज में यह भी साफ दिख रहा है कि पुलिस गाड़ी की डिक्की खोलकर एक नीला ड्रम बाहर निकालती है, जिसे दो लोग उठाकर ले जाते हैं। फुटेज में कुल 7 पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं, जिनमें 4 वर्दी में और 3 सिविल ड्रेस में हैं। पुलिस ने मौके पर बरामदगी की वीडियोग्राफी भी करवाई और ड्रम को सील करके अपने साथ ले गई।

FIR में कुछ और, वीडियो में कुछ और

पुलिस ने 9 अप्रैल को FIR नंबर-90 दर्ज करते हुए दावा किया कि 35 लीटर लाहन (देसी शराब) अकरम नाम के व्यक्ति के घर से बरामद हुई। पुलिस और एक्साइज टीम के मुताबिक यह लाहन घर के तूड़ी वाले कमरे में रखे नीले ड्रम में मिली थी। हालांकि सीसीटीवी फुटेज इस दावे से बिल्कुल अलग कहानी दिखा रहा है। फुटेज के आधार पर पूरी कार्रवाई संदिग्ध लग रही है। सीसीटीवी में भी घर के अंदर से कोई बाहर आता नहीं दिखता। घटना के दो दिन बाद भी अकरम घर पर नहीं मिला। जब परिजनों से बात की गई तो वे डरे हुए नजर आए और कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *