पहले दुबई, फिर मॉस्को और इसके बाद मेक्सिको होते हुए वह अमेरिका पहुंचा
इस दौरान एक बार आर्मी ने पकड़ लिया था और कुछ दिन जेल में भी रहना पड़ा
दूसरे ट्र्रक से टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई व सिमरनजीत उसमें फंस गया
आग इतनी भयानक थी कि मौके पर ही मौत हो गई और जली हुई हड्डियां मिलीं
नई दिल्ली
अमेरिका के कैलिफोर्निया में सड़क हादसे में कैथल के गांव बाकल के 26 साल के सिमरनजीत सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। वह बेहतर भविष्य की तलाश में ‘डंकी रूट’ के जरिए करीब 6 महीने में विदेश पहुंचा था। परिवार के अनुसार, सिमरनजीत ने कई देशों के रास्ते कठिन सफर तय किया। पहले दुबई, फिर मॉस्को और इसके बाद मेक्सिको होते हुए वह अमेरिका पहुंचा। इस दौरान उसे एक बार आर्मी ने पकड़ लिया था और कुछ दिन जेल में भी रहना पड़ा।
केमिकल से भरा ट्रक लेकर जा रहा था
अमेरिका पहुंचने के बाद उसने ट्रक ड्राइवर के रूप में काम शुरू किया। हादसे वाले दिन वह केमिकल से भरा ट्रक लेकर जा रहा था। रास्ते में एक कार हादसा देखकर उसने ट्रक साइड में खड़ा कर दिया, तभी पीछे से आए दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई और सिमरनजीत उसमें फंस गया।
17 साल की उम्र में अमेरिका गया था
आग इतनी भयानक थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई और केवल जली हुई हड्डियां ही मिलीं। जानकारी के अनुसार 17 साल की उम्र में सिमरनजीत अमेरिका चला गया था। 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद शिक्षा छोड़ दी और परिवार के सामने विदेश जाने की इच्छा जताई। परिवार ने भी बेटे की बात मानते हुए उसे विदेश भेज दिया।
मौत की खबर मिलते ही छाया मातम
सिमरनजीत के परिवार को जब हादसे की खबर मिली तो घर में मातम छा गया। परिवार उसकी शादी की तैयारी कर रहा था और अक्टूबर-नवंबर में विवाह तय करने की योजना थी। माता-पिता बेटे की मौत से सदमे में हैं, वहीं परिवार सरकार से अपील कर रहा है कि सिमरनजीत की अस्थियां भारत लाने में मदद की जाए ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।

