एक साल पहले बैसरन घाटी में घूमने आए सैलानियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी
तबसे बैसरन घाटी बंद, किसी को भी एक तय सीमा से आगे जाने की इजाजत नहीं
पहलगाम के आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा : PM
जब इंसानियत की हदें पार होती हैं, तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाता है : भारतीय सेना
नई दिल्ली
पहलगाम आतंकी हमले को आज पूरा एक साल हो गया है। इसे लेकर कश्मीर के सभी टूरिस्ट जगहों पर सुरक्षा फोर्सेज की गिनती बढ़ा दी गई है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। घाटी में काम करने वाले हर पोनी, सर्विस प्रोवाइडर, लोकल गाइड के लिए QR कोड बेस्ड स्पेशल चेकिंग सिस्टम बनाया गया है। आपको बता दें कि ठीक एक साल पहले 22 अप्रैल को आतंकियों ने बैसरन घाटी में घूमने आए सैलानियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। तब से बैसरन घाटी बंद है। किसी को भी एक तय सीमा से आगे जाने की इजाजत नहीं है।
पहलगाम के निर्दोषों को भुलाया नहीं जा सकता
पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आतंकी घटना को याद किया है। उन्होंने लिखा कि पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। एक राष्ट्र के तौर पर, हम दुख और संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
भारतीय सेना ने लिखा-ऑपरेशन सिंदूर जारी है
भारतीय सेना ने भी पहलगाम आतंकी हमले पर बयान जारी किया है। सेना ने कहा कि कुछ हदें कभी नहीं लांघनी चाहिए। भारत कुछ नहीं भूला। जब इंसानियत की हदें पार की जाती हैं, तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाता है। न्याय हो चुका है। भारत एकजुट है। भारत के खिलाफ किए गए हर कृत्य का जवाब मिलना तय है। न्याय जरूर मिलेगा। हमेशा मिलेगा। ऑपरेशन सिंदूर जारी है।

