जालंधर हाईवे पर अज्ञात वाहन से टकराई वैगन आर

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

जालंधर के गोराया से फिल्लौर के बीच हादसा, कार के परखच्चे उडे़

टक्कर इतनी जोरदार थी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त

सड़क सुरक्षा बल (SSF) ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया

वहीं, हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है

जालंधर :

जालंधर के गोराया से फिल्लौर के बीच नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार वैगन आर कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। इस दौरान एक ही परिवार के 5 लोग घायल हो गए, जिनमें से मां और बेटी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। हादसा फिल्लौर के पास भट्टियां गांव के समीप स्थित जीओ पेट्रोल पंप के सामने हुआ। वैगन आर कार तेज रफ्तार में थी। अचानक नियंत्रण खोने और आगे वाले वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे से कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। डॉक्टरों की टीम मां-बेटी को बचाने के प्रयास में जुटी है, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

पीड़ित परिवार की पहचान

सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें एक राहगीर ने फोन पर इस एक्सीडेंट की सूचना दी थी। जब टीम मौके पर पहुंची, तो पाया कि कार में कुल 5 लोग सवार थे। कार को प्रदीप भाटिया चला रहे थे। गाड़ी में उनके साथ पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां मौजूद थीं। इस हादसे में प्रदीप की पत्नी और एक बेटी को गंभीर चोटें आई हैं।

राहगीरों ने दिखाई सक्रियता

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने सक्रियता दिखाई। एसएसएफ (SSF) टीम के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद लोगों ने अपनी निजी गाड़ियों की मदद से घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। चश्मदीदों का कहना है कि मां-बेटी की हालत काफी नाजुक थी, जिस कारण उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी।

सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं

SSF ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबसे पहले क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे के बीच से हटाकर किनारे किया, ताकि यातायात बाधित न हो। पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है, कार मालिक और अन्य रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए हैं। फिलहाल, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है, जिससे कार की टक्कर हुई थी। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *