पंजाब में सुहावना हुआ मौसम

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

कुछ दिनों से पड़ रही तपिश के बाद मौसम के बदलाव ने गर्मी से बड़ी राहत दी

मौसम विभाग अनुसार यह राहत आने वाले दिनों में चुनौतियों में बदल सकती है

राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तूफान और बिजली चमकने की प्रबल संभावना हैं

वहीं तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की उम्मीद है

पंजाब डेस्क

पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश और ओलावृष्टि का असर अब पंजाब के मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में ठंडी हवाएं चलने से मौसम काफी सुहावना हो गया है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तपिश के बाद मौसम के बदलाव ने गर्मी से बड़ी राहत दी है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत आने वाले दिनों में चुनौतियों में बदल सकती है।

2 से 6 मई के बीच येलो अलर्ट जारी

मौसम केंद्र ने पंजाब में मौसम को लेकर ताजा बुलेटिन जारी किया है। 2 से 6 मई के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, गरज-तूफान और बिजली चमकने की प्रबल संभावना है। विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि 1 मई को मौसम स्थिर रह सकता है, लेकिन 2 मई से स्थितियां बिगड़ सकती हैं। विभाग ने सलाह दी है कि इन तारीखों के दौरान यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य ले लें।

इन जिलों में दिखेगा तेज हवा का असर

मौसम विभाग ने कुछ विशेष जिलों के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर शामिल हैं। अनुमान है कि इन क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी हवाएं और तूफान चल सकता है। विभाग के अनुसार, 7 मई से मौसम एक बार फिर साफ होने की उम्मीद है।

तापमान में उतार-चढ़ाव का पूर्वानुमान

अगले कुछ दिनों तक तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, इसके तुरंत बाद सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण पारे में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे प्रदेश में एक बार फिर ठंडक बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *