गुरु धामों में माथा टेकने के बाद, वे श्री चमकौर साहिब से मोरिंडा तक करेंगे आशीर्वाद यात्रा
वाहनों और मोटरसाइकिलों के काफिले के रूप में निकलेगी यात्रा
चमकौर साहिब, पूर्व एससी कमीशन के चेयरमैन और आम आदमी पार्टी के चमकौर साहिब हलका इंचार्ज जसवीर सिंह गढ़ी ने हलका इंचार्ज के रूप में एक्टिविटी चमकौर साहिब में शुरू कर दी है। वे अपनी नई जिम्मेदारी के साथ ‘आशीर्वाद यात्रा’ शुरू कर रहे हैं। यह यात्रा 30 अगस्त को वाहनों और मोटरसाइकिलों के काफिले के रूप में निकाली जाएगी। इस दौरान वह धार्मिक स्थलों पर नतमस्तक होकर आशीर्वाद लेंगे। वह पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिहं चन्नी को उनके ही गढ़ में चुनौती देने जा रहे हैं। यह मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है।
भोजेमाजरा पुल से शुरू होगी यात्रा
यात्रा सुबह 10:30 बजे भोजेमाजरा पुल से काफिले के रूप में शुरू होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब, गुरुद्वारा भाई संगत सिंह जी तथा शिव मंदिर, चमकौर साहिब में नतमस्तक होकर संगत के दर्शन किए जाएंगे और आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा। इसके बाद यात्रा दोपहर 1 बजे गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब और कृष्णा मंदिर, मोरिंडा पहुंचेगी, जहां यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर संपन्न होगी।
वॉलंटियरों व पदाधिकारियों से गढ़ी ने की अपील
जसवीर सिंह गढ़ी ने आम आदमी पार्टी के सभी वॉलंटियरों एवं पदाधिकारियों से अपील की है कि वे अपने परिवारों और साथियों सहित आशीर्वाद यात्रा के काफिले में शामिल हों तथा ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों के दर्शन कर गुरु साहिब और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भोजेमाजरा पुल से शुरू होकर मोरिंडा शहर में संपन्न होगी।


