जालंधर में बर्गर में बाल से मचा बवाल, दुकान मालिक बोला- स्कैम गिरोह चल रहा, पुलिस से शिकायत

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

दुकानदार गुरसिख, सिर पर पगड़ी, जबकि उक्त युवकों के सिर पर कैप है, बाल जा ही नहीं सकता

युवक बहस करने लगे और ब्लैकमेल करने व सोशल मीडिया से छवि खराब करने की धमकी दी

दुकानदार का दावा-सोची-समझी साजिश, ताकि नामी दुकानों को निशाना बनाकर पैसे ऐंठ सकें

थाना बस्ती बावा खेल में शिकायत दर्ज, पुलिस दलीलें सुनने के बाद अगली कानूनी कार्रवाई करेगी

जालंधर :

जालंधर के बाबू जगजीवन राम चौक स्थित पटियाला शाही चिकन सूप के मालिक और एक कथित पत्रकार के बीच बर्गर में बाल को लेकर विवाद हो गया। घटना रविदार देर रात 12 बजे की है। विवाद इतना बढ़ा कि दुकानदार थाने चला गया। दुकान के मालिक बब्बल ने आरोप लगाया कि उससे बर्गर लिया गया। इसके बाद युवक बर्गर लेकर बाहर साइड में चले गए। थोड़ी देर बाद आए कि बर्गर में बाल है। दुकानदार ने कहा कि वह गुरसिख है। सिर पर पगड़ी है। दुकान में काम करने वालों के सिर पर कैप है, बाल जा ही नहीं सकता।

युवक बहस करने लगे, वीडियो भी बनाया

दुकानदार ने कहा कि इस पर युवक बहस करने लगे और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद ब्लैकमेल करने और सोशल मीडिया के जरिए उनकी छवि खराब करने की धमकी दी। बब्बल का कहना है कि वे पिछले 10 वर्षों से काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग पैसा ठगने का रैकेट चला रहे हैं।

दुकानदार का दावा-सोची समझी साजिश

दुकानदार का दावा है कि यह एक सोची-समझी साजिश है, ताकि नामी दुकानों को निशाना बनाकर उनसे पैसे ऐंठे जा सकें। उन्होंने अन्य दुकानदारों को भी ऐसे नकली पत्रकारों से सतर्क रहने की सलाह दी है जो फूड सैंपल भरवाने और लाइसेंस रद्द कराने की धमकियां देकर डराते हैं।

थाना बस्ती बावा खेल में शिकायत दर्ज

थाना बस्ती बावा खेल में शिकायत दर्ज कर ली है। ड्यूटी ऑफिसर नीला सिंह ने बताया कि आरोपी व्यक्ति को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि अगर खाने की गुणवत्ता में कोई कमी थी, तो उसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग या फूड इंस्पेक्टर से की जानी चाहिए थी, न कि इस तरह से किसी दुकानदार को सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित या ब्लैकमेल किया जाना चाहिए।

दलीलें सुनने के बाद अगली कार्रवाई

पुलिस दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। दुकानदार का कहना है कि उन्होंने बहुत मेहनत और संघर्ष के बाद अपना नाम बनाया है और वे अपनी साख बचाने के लिए इस मामले में मानहानि का केस भी करेंगे। वहीं, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *