IED ब्लास्ट मामले में पुलिस ने नवांशहर से 3 युवकों को हिरासत में लिया
एक युवक के पास पैसे नहीं थे, उसका घर गांव के NRI ने बनाकर दिया
दूसरे युवक के घर में बहुत गरीबी है, वह सूंढ में पेट्रोल पंप पर कर्मचारी
तीसरे युवक के पिता की मौत और मां पैरालाइज के चलते बिस्तर पर है
जालंधर :
जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर हुए IED ब्लास्ट मामले में पुलिस ने नवांशहर से 3 युवकों को हिरासत में लिया है। गांव वालों ने बताया कि 9 मई को जालंधर पुलिस आई थी और तीनों को ले गई है। उनको इतना ही बताया गया कि इनका भी ब्लास्ट को लेकर लिंक है। इसके बाद पुलिस ने इनके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। गांव के सरंपच के अनुसार, इनमें एक युवक की एक महीने पहले ही शादी हुई थी। उसके पास घर बनाने तक के पैसे नहीं थे, उसका घर भी गांव के NRI ने बनाकर दिया है। वह सूंढ में पेट्रोल पंप पर काम करता था। उसे पुलिस ने वहीं से पकड़ा है। अब घर पर कोई नहीं है। इसी तरह, दूसरा युवक इकलौता बेटा है। गरीबी में उसकी शादी नहीं हो पाई। अभी वह पेट्रोल पंप पर काम करता था। पुलिस ने इसे भी वहीं से उठाया। वह जालंधर जाकर पुलिस से मिलकर भी आए थे, लेकिन पुलिस ने कहा कि इनके लिंक नजर आ रहे हैं, जांच कर रहे हैं। वहीं तीसरे युवक के भाई ने बताया कि जालंधर में ब्लास्ट के बाद पुलिस का फोन आया था कि भाई को हमारे हवाले कर दो। इसके बाद उसने गांव वालों से सलाह के बाद भाई को पुलिस के हवाले कर दिया। वह लड़ाई-झगड़े के मामले में 3-4 महीने जेल जाकर आया था
लखविंदर के पिता की मौत हो गई और मां पैरालाइज्ड है
लखविंदर (39) के भाई हरदीप ने कहा कि जालंधर पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके भाई को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने इस बारे में कोई पुष्टि नहीं की है। हरदीप कुमार ने बताया कि उनका गांव गदाणियां है और ये नवांशहर जिले में आता है। अभी पुलिस ने उसे मोहाली बुलाया है। भाई ने क्या किया है, इसकी जानकारी नहीं है। अगर लखविंदर सही हुआ तो ठीक है, नहीं तो हम पैरवी नहीं करेंगे।
ताया लगने वाले रेशम लाल ने बताया कि उसका छोटा भाई रंग करने का काम करता है, उसी से घर का गुजारा चलता है। भाई को भी मोहाली बुलाया है। लखविंदर को गांव में घुल्ला कहते हैं। इससे पहले भी वह जंडियाला में लड़ाई-झगड़े में फंसा था। इस मामले में 3-4 महीने जेल जाकर आया था। ताया ने बताया कि इसके पिता की मौत हो चुकी है और मां पैरालाइज के चलते बिस्तर पर है।
दविंदर के घर में गरीबी, सूंढ में पेट्रोल पंप पर कर्मचारी
ब्लाकीपुर के सरपंच मलकीत सिंह ने बताया कि उनके गांव के दविंदर (30) को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया है। जालंधर ब्लास्ट की चर्चा जरूर हो रही थी, लेकिन दविंदर की क्या भूमिका थी हमें नहीं पता, न ही पुलिस ने कुछ जानकारी दी। बस इतना ही बताया कि कोई लिंक निकल रहा है। सरपंच ने बताया कि दविंदर के घर में बहुत गरीबी है। वह सूंढ में पेट्रोल पंप पर काम करता है।
गांव में कभी भी इसके बारे में कुछ खराब नहीं सुना और ये कभी किसी वारदात में शामिल नहीं रहा। परिवार मेहनती है। इसकी मां लोगों के घरों में काम करती है। पिता टेंपो चलाता है, लेकिन किडनी में दिक्कत के चलते कभी दिहाड़ी पर नहीं जा पाता। सरपंच ने कहा कि इसका ताया फौजी है, उसी ने घर बनाकर दिया। दविंदर अपने घर में इकलौता बेटा है और कोई कमाने वाला नहीं है।
लवप्रीत की 1 माह पहले शादी, NRI ने घर बनाकर दिया
लवप्रीत का ये आलीशान घर गांव के ही NRI व्यक्ति ने बनाकर दिया था। अब इसक पर ताला लगा है। सरपंच मलकीत सिंह ने बताया कि लवप्रीत की भी अभी 30 साल उम्र है। उसकी एक महीना पहले शादी हुई है। उसके घर पर भी बहुत गरीबी है। सरपंच ने कहा कि ये परिवार गांव का सबसे गरीब परिवार है। इसका घर आलीशान जरूर है, लेकिन इसे गांव के एक एनआरआई ने बनाकर दिया है।
लवप्रीत की मां की बहुत पहले मौत हो गई है। उसकी 2 बहने हैं और दोनों की शादी हो चुकी है। लवप्रीत के घर पर उसकी गिरफ्तारी के बाद से ताले लटके हैं। गिरफ्तारी के बाद पत्नी भी मायके चली गई है। सरपंच ने बताया कि अचानक से क्या हो गया हमें भी समझ नहीं आ रहा है। लवप्रीत के बारे में भी कभी गांव में कुछ गलत नहीं सुना। अब पुलिस की जांच में ही पता चलेगा कि किसका क्या लिंक है।


