पंजाब-चंडीगढ़ में तेज बारिश और आंधी

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

चंडीगढ़, जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, मोहाली और आनंदपुर साहिब समेत कई जगह तेज बारिश हुई

मोहाली के फेज-6 में आंधी सेे पेड़ गिरने से कई कारों को नुकसान पहुंचा, पानी की टंकियां तक उड़ीं

दूसरी ओर, फरीदकोट के कोटकपूरा की पुरानी अनाज मंडी में जागरण के लिए लगाए टेंट गिर गए

लाडोवाली रोड पर दुकानों के आगे पानी भर गया, सड़क किनारे लगे ट्री गार्ड उखड़कर दूर जा गिरे

चंडीगढ़ :

पंजाब और चंडीगढ़ में सुबह अचानक मौसम बदल गया। चंडीगढ़, जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, मोहाली और आनंदपुर साहिब समेत कई जगह तेज बारिश हुई। वहीं आंधी के कारण नुकसान हुआ। कई जगह 3 से 5 घंटे लाइट गुल रही। मोहाली के फेज-6 में आंधी के चलते पेड़ गिरने से कई कारों को नुकसान पहुंचा है। यहां हवा इतनी तेज थी छतों पर रखी पानी की टंकियां तक उड़ गईं। वहीं फरीदकोट के कोटकपूरा की पुरानी अनाज मंडी में जागरण के लिए लगाए गए टेंट गिर गए। चंडीगढ़ के सेक्टर 43, 37 और मलोया में भी गाड़ियों पर पेड़ गिरे।

पश्चिमी विक्षोभ अभी भी एक्टिव

8 मई तक बारिश की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ अभी भी एक्टिव है, जो ऊपरी स्तर की पश्चिमी हवाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। वहीं उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में हवा का चक्रवाती सिस्टम बना है, जिसकी वजह से मौसम में बदलाव बना रहेगा। जम्मू-कश्मीर के ऊपर बने दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल, तेज हवाएं और कहीं-कहीं बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। ऐसे में पांच मई को बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट है। छह को यलो अलर्ट है। सात और आठ को बारिश का अनुमान है।

दो दिन कैसा रहेगा मौसम…

5 मई: पठानकोट, गुरदासपुर, बठिंडा, मानसा और पटियाला में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और ओले गिरने की संभावना है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, संगरूर और मोहाली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है।

6 मई: फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, फिरोजपुर, फरीदकोट और मोगा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, फिरोजपुर, फरीदकोट और मोगा में अलग-अलग स्थानों पर बारिश के आसार हैं।

चंडीगढ़ में बिजली गुल, पानी की सप्लाई बंद

चंडीगढ़ के सेक्टर-22 और आसपास के इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने के कारण कई घरों में पानी की सप्लाई भी बंद हो गई है। सुबह चली तेज आंधी का असर जालंधर में साफ देखने को मिला। लाडोवाली रोड पर दुकानों के आगे पानी भर गया। तेज हवाओं के कारण सड़क किनारे लगे ट्री गार्ड उखड़कर दूर जा गिरे। बदले मौसम के बीच चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कहा कि साफ विजिबिलिटी और गाड़ी के ब्रेक सही होना बेहद जरूरी है। सुरक्षित चलें, सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *