गांव सोहाणा में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान राणा बलाचौरिया की गोली मार हत्या कर दी थी
शूटरों को लॉजिस्टिक सहायता प्रदान करने के आरोप में पहले ही गिरफ्तार कर लिया था
“शैडो हंट” अंतरराज्यीय ऑपरेशन चलाया और आरोपी अगरतला से गिरफ्तार कर लिया
धारा 103(1), 109, 3(5) और 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर
चंडीगढ़।
पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में कबड्डी प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया के सनसनीखेज कत्ल में शामिल शूटरों में से एक आदित्य उर्फ मक्खण को त्रिपुरा के अगरतला से गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार मुलजिम आदित्य उर्फ मक्खण, जो अमृतसर का रहने वाला है, का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कत्ल, कत्ल की कोशिश, जबरन वसूली, हथियार की नोक पर लूट-खसोट, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट आदि से संबंधित कम से कम 14 मामले दर्ज हैं। यह सफलता दो अन्य शूटरों करन पाठक उर्फ करन डिफॉल्टर और तरनदीप सिंह को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से उनके साथी आकाशदीप समेत गिरफ्तार किए जाने के कुछ महीनों बाद सामने आई है।
राणा बलाचौरिया को गोली मारकर हत्या
जानकारी के अनुसार 15 दिसंबर, 2025 को एसएएस नगर के गांव सोहाणा में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हमलावरों ने राणा बलाचौरिया को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस केस में अब तक तीन शूटरों समेत कुल छह मुलजिमों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शूटरों को लॉजिस्टिक सहायता प्रदान करने के आरोप में दो मुलजिमों, जिनकी पहचान ऐशदीप सिंह और दविंदर के रूप में हुई है, को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि गिरफ्तार मुलजिम आदित्य उर्फ मक्खण ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस कत्ल को अंजाम दिया।
मुलजिम आदित्य उर्फ मक्खण फरार था
एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने कहा कि आदित्य कपूर उर्फ मक्खण के ठिकाने की इनपुट खुफिया स्रोत से प्राप्त हुई थी। “शैडो हंट” नाम से एक अंतरराज्यीय ऑपरेशन चलाया गया और डीएसपी राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में एजीटीएफ टीम ने केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को अगरतला से गिरफ्तार कर लिया। एसएएस नगर के सोहाणा पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109, 3(5) और 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 312 दिनांक 16/12/2025 दर्ज की गई है।


