बंगाल की एतिहासिक जीत पर BJP मुख्यालय में जश्न, बंगाली धोती-कुर्ता में PM मोदी पहुंचे, कहा- गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल

आज की ताजा खबर देश
Spread the love

PM Narendra Modi : बंगाली धोती-कुर्ता में मोदी, बोले-गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल

PM मोदी ने पश्चिम बंगाल की जीत को “ऐतिहासिक और अभूतपूर्व” बताया

पहली बार बनने जा रही भाजपा सरकार, BJP मुख्यालय में जश्न का माहौल

बंगाल की सफलता जनता के विश्वास व कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम

राजनीतिक नहीं बल्कि लोकतंत्र, संविधान व लोकतांत्रिक संस्थाओं की जीत

भारत एक लोकतंत्र नहीं, बल्कि “लोकतंत्र की जननी”, यह साबित कर दिया

नई दिल्ली/कोलकाता।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी में उत्साह का माहौल है। पहली बार राज्य में सरकार बनाने जा रही भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत को “ऐतिहासिक और अभूतपूर्व” बताया। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि “गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है”, जो देशभर में भाजपा के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 47 मिनट के संबोधन में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली सफलता को जनता के विश्वास और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।

भारत “लोकतंत्र की जननी” है

उन्होंने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की भी जीत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत केवल एक लोकतंत्र नहीं, बल्कि “लोकतंत्र की जननी” है और हालिया चुनावों ने इसे एक बार फिर साबित किया है। इसके अलावा उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध रूप से देश में प्रवेश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा।

आयुष्मान भारत योजना मंजूर

पहली ही कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी जाएगी, जिससे राज्य के गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में नई सरकार की प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट किया। प्रधानमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और राज्य से हो रहे पलायन को रोकने को भी अपनी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल में ऐसा माहौल बनाएगी, जहां महिलाओं को सुरक्षा, युवाओं को अवसर और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

पार्टी के विस्तार का प्रतीक

प्रधानमंत्री ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए 2013 की उस घटना को याद किया, जब उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया था। उन्होंने कहा कि जब वे वाराणसी से चुनाव लड़ने गए थे, तब उनके मन में यह भावना आई थी कि उन्हें “मां गंगा ने बुलाया है।” उन्होंने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल में भाजपा-एनडीए सरकार बनने को गंगा के किनारे बसे राज्यों में पार्टी के विस्तार का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के जरिए राज्य को नई दिशा दी जाएगी।

बेहद महत्वपूर्ण है यह जीत

पश्चिम बंगाल में भाजपा की इस जीत को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राज्य में अब तक पार्टी को सत्ता का अवसर नहीं मिला था। इस जीत के साथ ही भाजपा ने पूर्वी भारत में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। प्रधानमंत्री ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग, सुरक्षा बलों और चुनाव से जुड़े सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन सभी के प्रयासों से ही देश में लोकतंत्र की गरिमा बनी रहती है और निष्पक्ष चुनाव संभव हो पाते हैं।

पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम

इस बीच, प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि 2026 का पश्चिम बंगाल चुनाव जनता की शक्ति और सुशासन की राजनीति की जीत के रूप में याद रखा जाएगा। उन्होंने राज्य की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वे हर नागरिक के सामने नतमस्तक हैं और उनके विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी अपने वादों को किस हद तक पूरा कर पाती है और राज्य के विकास को किस दिशा में आगे बढ़ाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *