वर्तमान विश्व दौरा ‘ऑरा-2026’ खालिस्तान समर्थकों के निशाने पर
अमेरिका में आगामी शो दौरान विरोध का सामना करने की चेतावनी
वैंकूवर व कैलगरी के प्रदर्शनकारी अमेरिका में और आक्रामक होंगे
प्रदर्शनकारी केवल झंडे नहीं बल्कि लाठियां लेकर भी प्रदर्शन करेंगे
चंडीगढ़।
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का वर्तमान विश्व दौरा ‘ऑरा-2026’ खालिस्तान समर्थकों के निशाने पर है। सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख और घोषित आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दिलजीत दोसांझ को अमेरिका में अपने आगामी शो के दौरान विरोध का सामना करने की चेतावनी दी है। पन्नू ने एक वीडियो संदेश में कहा कि वैंकूवर और कैलगरी में विरोध करने वाले प्रदर्शनकारी अब अमेरिका में और अधिक आक्रामक होंगे।
प्रदर्शनकारियों पर कड़ी प्रतिक्रिया
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब दोसांझ ने कैलगरी में अपने कंसर्ट के दौरान भारत विरोधी पोस्टर दिखाने वाले प्रदर्शनकारियों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। गायक ने मंच से कहा कि कोई भी उनके शो का माहौल खराब नहीं करेगा और ऐसे लोगों को बाहर निकाल दिया जाएगा।
लाठियां लेकर जताएंगें नाराजगी
पन्नू ने दोसांझ को ‘भारतीय दोसांझ’ कहकर निशाना बनाया और उनके देशभक्तिपूर्ण नारे “मेरा भारत महान” और अभिनेता अमिताभ बच्चन के प्रति सम्मान को आपत्तिजनक बताया। उसने चेतावनी दी कि प्रदर्शनकारी अब केवल झंडे नहीं बल्कि लाठियां लेकर भी प्रदर्शन करेंगे।
पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद
दोसांझ ने जवाब में कहा कि वह पंजाब और इसके मुद्दों का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंचों का उपयोग करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरा रद्द करने के बावजूद पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद की।
खलल डालने वालों से डरेंगे नहीं
गायक ने साफ कहा कि वह अपनी राष्ट्रीय पहचान पर गर्व करते हैं और अपने कार्यक्रमों में खलल डालने वालों से डरेंगे नहीं। वहीं सुरक्षा एजेंसियां अमेरिका में दोसांझ के आगामी शो की निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


