30 अप्रैल की रात हीरो होंडा एक मंदिर के पास वाली गली में खड़ी की
रात करीब 8:30 बजे जब वह वापस आए, तो मोटरसाइकिल गायब थी
आस-पास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो ये वारदात हुई कैद
पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक सक्रियता नहीं दिखाई
जालंधर :
जालंधर नूरमहल के मोहल्ला सूड़ा में चोरी की एक वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित जतिंदर सेखड़ी ने बताया कि गुरुवार, 30 अप्रैल की रात हीरो होंडा मोटरसाइकिल एक मंदिर के पास वाली गली में खड़ी की थी। रात करीब 8:30 बजे जब वह वापस आए, तो मोटरसाइकिल गायब थी। जब उन्होंने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें तीन अज्ञात चोर उनकी मोटरसाइकिल ले जाते हुए साफ दिखाई दिए।
पीड़ित का आरोप : 5 दिन बीतने पर भी पुलिस ने नहीं की ठोस कार्रवाई
जतिंदर सेखड़ी ने इस घटना की सूचना तुरंत नूरमहल पुलिस को दी थी। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराए हुए पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई सक्रियता नहीं दिखाई है। पुलिस की इस ढीली कार्यप्रणाली से परेशान होकर अब पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस व मुंशी के बयान में विरोधाभास : पत्रकारों के सवाल पर साधी चुप्पी
जब पत्रकारों ने नूरमहल थाने के मुंशी अमनदीप सिंह से संपर्क किया, तो पहले उन्होंने साफ इनकार कर दिया। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि पीड़ित को उनके पास भेजा जाए ताकि बयान दर्ज कर एफआईआर (FIR) की प्रक्रिया शुरू की जा सके। जब पत्रकारों ने मोटरसाइकिल की बरामदगी और देरी के कारणों पर सवाल पूछे, तो मुंशी ने चुप्पी साध ली।
मोहल्ला निवासियों में इस घटना को लेकर इलाके में बढ़ता डर और रोष
चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई न करना चर्चा का विषय बना हुआ है। मोहल्ला निवासियों में इस घटना को लेकर डर और रोष है, क्योंकि फुटेज के रूप में ठोस सबूत होने के बाद भी अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद नूरमहल पुलिस इस मामले में कितनी तेजी दिखाती है।


