10,000 रुपये रिश्वत लेते SDOs और क्लर्क को रंगे हाथों किया अरेस्ट

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

एस.डी.ओ. जसकनवरप्रीत सिंह, एस.डी.ओ. श्रुति शर्मा व क्लर्क आशू के रूप में पहचान

मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी गहनता से पड़ताल की जा रही

अनुमान एवं निरीक्षण रिपोर्ट तैयार होनी थी, हर फाइल के लिए 10,000 की रिश्वत मांगी

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया

चंडीगढ़।

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पीएसपीसीएल कार्यालय, लुधियाना में तैनात दो एस.डी.ओज़. और एक क्लर्क को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। काबू किए गए आरोपियों की पहचान एस.डी.ओ. जसकनवरप्रीत सिंह, एस.डी.ओ. श्रुति शर्मा और क्लर्क आशू के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।

प्रिंस निझावन की दर्ज करवाई शिकायत

विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई प्रिंस निझावन द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता सोलर सिस्टम लगाने का कार्य करता है और उसने विभिन्न स्थानों पर दो सोलर सिस्टम लगाए हुए थे। इन सिस्टमों का निरीक्षण कर मीटर लगाने से पहले पीएसपीसीएल द्वारा अनुमान एवं निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की जानी थी। प्रत्येक फाइल के लिए 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।

जाल बिछाकर आरोपी आए गिरफ्त में

इस प्रकार दो फाइलों के लिए कुल 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा, लुधियाना से संपर्क किया। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *