पंजाब में पेट्रोल-डीजल संकट गहराया

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

पंजाब पेट्रोल पंप डीलर्स एसो (PPDA) ने सरकार को पत्र लिखा

आम लोगों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा

राज्य में पेट्रोल-डीजल की नियमित सप्लाई सुनिश्चित कराई जाए

HPCL और BPCL के कई पंपों पर बन रही ड्राई-आउट की स्थिति

पंप के संचालकों को आर्थिक नुकसान व संचालन संबंधी दिक्कतें

पंजाब डेस्क

पंजाब में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई को लेकर बड़ा संकट सामने आया है। पंजाब पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन (PPDA) ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर कहा है कि कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर ईंधन की भारी कमी चल रही है, जिससे आम लोगों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि तेल कंपनियों को निर्देश जारी कर राज्य में पेट्रोल-डीजल की नियमित सप्लाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और बाजार में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने लगा

एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह दोआबा ने मुख्य सचिव को भेजे पत्र में बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL) के कई पंपों पर बार-बार ड्राई-आउट की स्थिति बन रही है। सप्लाई बाधित होने के कारण कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने लगा है।

एडवांस पेमेंट के बावजूद सप्लाई नहीं

पत्र में कहा गया है कि डीलर समय पर एडवांस भुगतान और अन्य सभी शर्तें पूरी कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद तेल कंपनियां नियमित सप्लाई देने में असफल साबित हो रही हैं। इससे पेट्रोल पंप संचालकों को आर्थिक नुकसान और संचालन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रीमियम पेट्रोल खरीदने का लगा आरोप

डीलर्स एसो ने आरोप लगाया कि कई जगह डीलरों पर महंगा प्रीमियम पेट्रोल खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि सामान्य पेट्रोल-डीजल की सप्लाई लेने से पहले प्रीमियम फ्यूल का इंडेंट भरने के लिए कहा जा रहा है, जिससे डीलरों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

…तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है

सप्लाई प्रभावित होने के चलते कई इलाकों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं। किसानों और आम लोगों में ईंधन खत्म होने का डर बना हुआ है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *