गिरफ्तार आरोपी अबू धाबी/दुबई से नशे का कारोबार चला रहे एक तस्कर के संपर्क में थे
आरोपी मोहित हाल ही में दुबई से वापस आया था, माझा और दोआबा क्षेत्रों में नशा सप्लाई
आरोपी अर्शदीप उर्फ अर्श, हेरोइन की खेप सुरक्षित रखता था और मोहित को सौंप देता था
फरवरी में भी साहिबप्रीत सिंह उर्फ साहिब और गगनदीप सिंह उर्फ गगन किए गए थे अरेस्ट
अमृतसर।
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरोपियों को 10 किलोग्राम आई.सी.ई. (मेथामफेटामाइन) और 4 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मोहित उर्फ बची (19), निवासी गांव पावार (जालंधर) और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श उर्फ हरमन (23), निवासी कोट खालसा (अमृतसर) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अबू धाबी/दुबई से नशे का कारोबार चला रहे एक तस्कर के संपर्क में थे, जो इन आरोपियों के जरिए पंजाब और दिल्ली में नशीले पदार्थों की तस्करी करवाता था। गिरफ्तार आरोपी मोहित हाल ही में दुबई से वापस आया था, आरोपी माझा और दोआबा क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे।
नशीले पदार्थ तस्करी में बरामदगी
पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए योजनाबद्ध तरीके से पुलिस टीमों ने मोहित उर्फ बची और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श को उस समय गिरफ्तार किया जब वे मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से 10 किलोग्राम आई.सी.ई. (मेथामफेटामाइन) और 4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
हेरोइन की खेप रखता था सुरक्षित
आरोपी अर्शदीप उर्फ अर्श, जो नशा तस्करी की गतिविधियों में शामिल था और दुबई स्थित तस्कर के सीधे संपर्क में था, अज्ञात व्यक्तियों के जरिए भेजी हेरोइन की खेप को अपने पास सुरक्षित रखता था और आगे डिलीवरी के लिए मोहित को सौंप देता था। गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में भी साहिबप्रीत सिंह उर्फ साहिब और गगनदीप सिंह उर्फ गगन को 7.6 किलोग्राम हेरोइन और 21,000 रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया था।


