फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया
आग बुझाने की कोशिश में घर में रखे गैस सिलेंडर में हुआ जोरदार ब्लास्ट
देरी से पहुँची फायर ब्रिगेड़ टीम, आग से घर का सारा सामान जलकर राख
ASI सेवा सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया
जालंधर
जालंधर के किशनपुरा इलाके में एक घर में पंखे से शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आस-पास के लोगों ने इसे बुझाने की कोशिश की, पर इसी दौरान घर में रखे गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। जिसमें तीन लोग बुरी तरह से झुलस गए। वहीं फायर ब्रिगेड अधिकारी रविंदर सिंह ने बताया कि चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। गलियों में बिजली की तारे बहुत नीचे थी, जिस कारण उन्हें घटनास्थल पर पहुंचने से देरी लगी पर तब तक काफी ज्यादा नुकसान हो चुका था। वहीं ASI सेवा सिंह ने बताया कि आग के कारणों का पता नहीं चल पाया लेकिन घर में पड़ा सारा सामान जलकर राख हो गया।
मंदिर मे लगे पंखे से हुआ शॉर्ट सर्किट
वहीं इस मामले पर भाजपा नेता के पिता सुदर्शन कुमार ने बताया कि वह सुबह घर से सैर करने के लिए निकलने लगे तो देखा कि मंदिर में पंखे से शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई है। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे घर धुएं से भर गया। जिसे देख पड़ोसी मदद के लिए आगे आए।
आग बुझाते समय सिलेंडर में ब्लास्ट
उन्होंने बताया कि आग पर क़ाबू पाते समय घर के अंदर पड़े हुए सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिस कारण 5 लोग झुलस गए। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड टीम को तुरंत दी लेकिन फायर ब्रिगेड टीम देरी से पहुँची और आग के कारण उनके घर में पड़ा सारा सामान जलकर राख हो गया।


