पंजाब भाजपा में बड़े बदलाव की तैयारी

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

ढिल्लों के अलावा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और मनजीत राय भी

वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को दी जा सकती है बड़ी भूमिका

पार्टी की कमान किसी सिख चेहरे को सौंपने के लिए हो रही है वकालत

कांग्रेस कमेटी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर भी रह चुके ढिल्लों

पंजाब डेस्क

पंजाब भाजपा को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बरनाला के पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को यह बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है और पार्टी के भीतर इसे लेकर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। हालांकि, रेस में केवल सिंह ढिल्लों के अलावा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और मनजीत राय के नाम भी शामिल हैं, लेकिन आखिरी फैसला पार्टी हाईकमान को ही लेना है। वहीं, वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को 2027 के विस चुनाव अभियान में बड़ी भूमिका दी जा सकती है।

कमान सिख चेहरे को सौंपने की वकालत

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग काफी समय से पंजाब में पार्टी की कमान किसी सिख चेहरे को सौंपने की वकालत कर रहे हैं। दरअसल, पंजाब में भाजपा का पारंपरिक आधार मुख्य रूप से हिंदू मतदाताओं के बीच रहा है, लेकिन अब पार्टी सिख नेतृत्व को आगे बढ़ाकर एक नया राजनीतिक समीकरण स्थापित करना चाहती है।

दो दशकों का लंबा राजनीतिक अनुभव

केवल सिंह ढिल्लों पिछले दो दशकों से पंजाब, खासकर बरनाला की राजनीति में एक बेहद सक्रिय चेहरा रहे हैं। वह कांग्रेस के टिकट पर साल 2007 और 2012 में बरनाला से विधायक चुने गए थे, जहां 2012 में उन्होंने एक बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर भी रह चुके हैं।

भाजपा कोर कमेटी के वरिष्ठ नेताओं में

हालांकि, 2017 के विधानसभा चुनाव और 2019 के संगरूर लोकसभा चुनाव में उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इसके बाद जून 2022 में उन्होंने कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा का रुख किया। भाजपा ने उन्हें संगरूर लोकसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार भी बनाया था और वर्तमान में वह पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *