जालंधर में 16 दिन का नवजात 5 लाख में बेचने का आरोप

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

घरेलू विवाद के बाद वर्ष 2022 में दोनों का तलाक हो गया था

गर्भवती होने के बाद पूर्व पति का डिलीवरी में मदद का भरोसा

दूसरी पत्नी और अन्य युवती के साथ अस्पताल आता-जाता रहा

पूर्व पति ने नशे की लत पूरी करने के लिए बच्चे का सौदा किया

जालंधर

पंजाब के जालंधर में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पूर्व पति पर 16 दिन के नवजात बेटे को 5 लाख रुपए में बेचने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसके पूर्व पति ने नशे की लत पूरी करने के लिए बच्चे का सौदा किया और बाद में उसे बच्चे की मौत की झूठी कहानी सुनाई। महिला के अनुसार, पूर्व पति अपनी दूसरी पत्नी और एक अन्य युवती के साथ अस्पताल आता-जाता रहा। पीड़िता शिवानी के अनुसार, पहली शादी 12 साल पहले शिवा नामक युवक से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। घरेलू विवाद के बाद वर्ष 2022 में दोनों का तलाक हो गया और बाद में दोनों ने दूसरी शादी कर ली। दूसरी शादी के बाद वह गर्भवती हुई। उसका पूर्व पति फिर से संपर्क में आया और डिलीवरी में मदद का भरोसा दिया। 21 मई को जालंधर के सिविल अस्पताल में बेटे को जन्म दिया।

टीकाकरण के बहाने गायब नवजात

पीड़िता का आरोप है कि 25 मई को एक युवती उसके घर पहुंची और बच्चे के टीकाकरण की बात कही। जब वह कुछ देर के लिए वॉशरूम गई तो युवती नवजात को लेकर फरार हो गई। महिला का दावा है कि चार दिन बाद अज्ञात महिला का फोन आया। खुद को अमृतसर की रहने वाली बताया और कहा कि बच्चा उसके पास है, लेकिन वह उसे संभाल नहीं पा रही। महिला ने आरोप लगाया कि जैसे ही उसने कॉल रिकॉर्ड करनी शुरू की, फोन काट दिया गया और बाद में नंबर बंद हो गया।

सोशल मीडिया पर स्टोरी से शक

पीड़िता के मुताबिक, पूर्व पति ने सोशल मीडिया पर नोटों की गड्डियों की स्टोरी लगाई। आरोप है कि बाद में स्टोरी को हटाया और बच्चे को बेचकर मिले पैसों से LED, कूलर और अन्य सामान खरीदा। शिवानी का आरोप है कि जब जानकारी मांगी तो पूर्व पति की दूसरी पत्नी ने कहा कि बच्चा मर चुका है और उसे दफना दिया गया है। हालांकि बाद में मोहल्ले के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर उसे शक हुआ कि बच्चे को बेचा गया है। शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस कमिश्नर तक पहुंचा मामला

पूर्व पति ने नया पिस्टल खरीदने की बात कहकर उसे चुप रहने के लिए डराया। कई दिनों तक बच्चे का कोई सुराग न मिलने पर महिला ने जालंधर पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी। इसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। रामा मंडी थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आरोपों की सत्यता, नवजात की लोकेशन और कथित बिक्री से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। मामले में अभी किसी आरोपी का पक्ष सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *