इस दौरान कई सिखों की पगड़ियां जमीन पर गिर गई
एक-दूसरे के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं
वहीं इस घटना में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए
गुरुद्वारे के हिसाब-किताब को लेकर मीटिंग चल रही थी
नई दिल्ली
जर्मनी के डुइसबर्ग गुरुद्वारे में सिख आपस में भिड़ गए। इस दौरान कई सिखों की पगड़ियां जमीन पर गिर गई। घटना की वीडियो भी सामने आई है जहां गुरुद्वारे के अंदर सिख एक-दूसरे के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना 20 अप्रैल की है। जिसमें डुइसबर्ग गुरुद्वारा सिंह सभा में गुरुद्वारे के हिसाब किताब को लेकर मीटिंग चल रही थी। तभी हिसाब को लेकर बहस होनी शुरू हो जाती है। बहस इतनी बढ़ जाती है कि लोग एक-दूसरे को धक्के मारने शुरू कर देते हैं।
पगड़ियों का भी नहीं किया सम्मान
गुरुद्वारे के अंदर शुरुआत में मुख्य हॉल में भारी भीड़ और शोर-शराबा दिखाई-सुनाई देता है। संगत के बीच अचानक बहस शुरू होती है, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल जाती है। लोग एक-दूसरे को धक्का देते हैं और चिल्लाते नजर आते हैं। झड़प इतनी खतरनाक थी कि कई लोगों की पगड़ियां उतर गईं और फर्श पर बिखरी दिखाई दीं।
तबला और माइक इधर-उधर फेंके
लोग पगड़ियां रौंदते रहे। कीर्तन के लिए रखे तबला और माइक भी इधर-उधर फेंक दिए गए। वीडियो में कुछ बुजुर्ग और सेवादार बीच-बचाव करने की कोशिश करते दिखे, लेकिन झगड़ा कर रहे लोग किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से गुरुद्वारे के बाहर जर्मन पुलिस तैनात कर दी गई है।

