पंजाबी गायक जी खान का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
रोपड़ जिले के मोरिंडा के गांव बामंडा में आयोजित मेले के दौरान हुई यह घटना
जी खान बोले-फैंस शांति से सुनना चाहते हैं तो सुनें, नहीं तो वह गाना नहीं गाएंगे
गाना कोई मोबाइल फोन नहीं है, जिसमें बटन दबाते ही दूसरा गीत शुरू हो जाए
पंजाब डेस्क
पंजाबी गायक जी खान (गुलशन खान) का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह लाइव शो के दौरान अपने प्रशंसकों पर नाराज होते दिखाई दे रहे हैं। कार्यक्रम के बीच में उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस रोकते कहा कि यदि दर्शक शांति से सुनना चाहते हैं तो सुनें, नहीं तो वह गाना नहीं गाएंगे। यह घटना रोपड़ जिले के मोरिंडा के गांव बामंडा में आयोजित मेले के दौरान हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
अलग-अलग गानों की फरमाइश कर रहे थे
बताया जा रहा है कि शो के दौरान दर्शक लगातार शोर मचा रहे थे और अलग-अलग गानों की फरमाइश कर रहे थे। बार-बार गानों की मांग और हंगामे के कारण जी खान नाराज हो गए। उन्होंने मंच से कहा कि हर गीत का अपना अलग माहौल और प्रस्तुति होती है, इसलिए तुरंत किसी भी गाने पर जाना संभव नहीं होता। उन्होंने दर्शकों से कार्यक्रम का आनंद लेने और अनुशासन बनाए रखने की अपील भी की।
शराब पीकर आए प्रशंसक को लगाई फटकार
वायरल वीडियो में जी खान एक नशे में दिख रहे प्रशंसक को भी फटकार लगाते नजर आए। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कार्यक्रम सुनना है तो शांति से सुने और मंच के माहौल को खराब न करे। गायक ने यह भी कहा कि गाना कोई मोबाइल फोन नहीं है, जिसमें बटन दबाते ही दूसरा गीत शुरू हो जाए। एक कलाकार को प्रस्तुति के दौरान माहौल बनाने और उसे बनाए रखने के लिए मेहनत करनी पड़ती है।
सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग जी खान के रवैये का समर्थन कर रहे हैं और मानते हैं कि कलाकार का सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि कलाकारों को ऐसे हालात में भी संयम बनाए रखना चाहिए। फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है और हजारों लोग इसे साझा कर रहे हैं।


