पहली नज़र में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है : सिविल सर्जन
सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही, अधिकांश बच्चे खतरे से बाहर
स्कूल में मिड डे मील के दौरान बच्चों को दाल और चावल परोसा गया था
घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई, मामले की जांच जारी : प्रशासन
स्टेट डेस्क
बिहार के सहरसा जिले में एक स्कूल में वीरवार को मिड डे मील खाने के कारण 250 से ज्यादा बच्चों की अचानक सेहत खराब हो गई। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने लगे। जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद बच्चों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद ने बताया कि पहली नज़र में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है और अधिकांश बच्चे खतरे से बाहर हैं।
स्कूल में बच्चों को दाल-चावल परोसा गया था
बताया जा रहा है कि स्कूल में मिड डे मील के दौरान बच्चों को दाल और चावल परोसा गया था। कुछ देर बाद ही कई बच्चों के पेट में तेज दर्द होने लगा। वहीं कुछ बच्चों को उल्टी भी आने लगी और कईयों की हालत बेहद गंभीर हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
परिजनों का आरोप-ज़हरीला सांप गिरा होगा
वहीं इस घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मिड-डे मील में जहरीला सांप गिरने के कारण बच्चों की सेहत खराब हुई है। हालांकि प्रशासन ने इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रशासन का कहना है कि वह इस मामले की जांच कर रहे हैं।


