शव बुरी तरह से जलने के कारण पहचान हुई मुश्किल, स्कॉर्पियो पर नहीं थी नंबर प्लेट
जालंधर के फोलड़ीवाल में सोमवार देर रात अचानक एक खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। जिस कारण उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम जांच में जुट गई है। आग बुझाने के बाद फायर ब्रिगेड की टीमों ने शव को बाहर निकाला। शव बुरी तरह से जल चुका था और उसकी पहचान करना तक मुश्किल हो रहा था। वहीं स्कॉर्पियो पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जिससे वाहन की पहचान करने में भी मुश्किल आ रही है।
आग लगने के कारण व्यक्ति जिंदा जला
चश्मदीद लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो गाड़ी छपड़ के पास खड़ी थी और धू-धू कर जल रही थी। जब आग बुझाने के लिए वहां पहुंचे तो देखा कि एक व्यक्ति उसके अंदर फंसा हुआ है। जिसके बाद हमने फायर ब्रिगेड और पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम आई तब तक काफी देर हो गई थी और व्यक्ति की जलकर मौत हो गई।
पुलिस हत्या एंगल से भी जांच कर रही
पुलिस के मुताबिक फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी। वहीं पुलिस हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है। शुरुआती जांच में इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को वाहन में रखकर आग लगाई गई हो। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल पर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


