बठिंडा में भाजपा नेता के होम्योपैथिक क्लीनिक पर पेट्रोल बम से हमला, CCTV में कैद हुए हमलावर

आज की ताजा खबर क्राइम पंजाब
Spread the love

आप को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे डॉ. तरसेम गर्ग

RSS के नए कार्यालय के सामने स्थित है उनका क्लीनिक

बठिंडा, पंजाब के बठिंडा में भाजपा नेता एवं चिकित्सक डॉ. तरसेम गर्ग के विशाल नगर स्थित क्लीनिक पर सोमवार देर रात अज्ञात युवकों ने पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा नुकसान टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। मामले की जांच व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक विवाद या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर की जा रही है। गौरतलब है कि डॉ. तरसेम गर्ग हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उनका क्लीनिक RSS के नए कार्यालय के सामने स्थित है।

खिड़की से टकरा कर गिरा था बम

जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात हमलावर क्लीनिक के बाहर पेट्रोल से भरी बोतल फेंककर फरार हो गए। पेट्रोल बम क्लीनिक की खिड़की से टकराया, जिससे वहां जलने के निशान बन गए। घटना में एक स्कूटी और कुछ पौधों को नुकसान पहुंचा है, जबकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

दो कर्मचारी ने पाया आग पर काबू

डॉ. तरसेम गर्ग ने बताया कि घटना के समय क्लीनिक में दो कर्मचारी मौजूद थे। धमाके की आवाज सुनकर कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पाया और उन्हें इसकी सूचना दी। बाद में CCTV फुटेज देखने पर दो युवकों द्वारा पेट्रोल बम फेंकने की पुष्टि हुई।

जांच में जुटी पुलिस, हाथ लगे अहम सुराग

एसपी (सिटी) नरिंदर सिंह ने बताया कि कई पुलिस टीमें मामले की जांच में जुटी हैं और कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। फिलहाल अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *