सोसायटी के लोगों ने अवैध बिल्डिंग की बार-बार सील तोड़ने के खिलाफ निगम के संयुक्त कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
दो बार डिच मशीन चलाने के बावजूद अवैध निर्माण जारी रखने वाले पर मांगी कड़ी कार्रवाई
जालंधर, लाडोवाली रोड स्थित संत नगर में एक अवैध बिल्डिंग की मालिक ने फिर से अपने आप ही सील तोड़ दी है। जिसके विरोध में संत नगर वैल्फेयर सोसायटी के पदाधिकारी नगर निगम अफसरों से मिलने पहुंचे और आरोपी मालिक पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
संयुक्त कमिश्नर मनदीप कौर को ज्ञापन सौंपकर बिल्डिंग को सील करवाए जाने की अपील की। मनदीप कौर ने आश्वासन दिलाया कि अवैध बिल्ड़िंग की सील खुद ही खोलने वाले आरोपी पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। सोसायटी और मोहल्ले के लोगों ने निगम अफसरों को चेतावनी दी है कि जल्द ही एक्शन नहीं हुआ तो वह लोग जक्का जाम करके निगम के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे।

सोसायटी के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जब से यह अवैध बिल्डिंग बन रही है, तब से सोसायटी और मोहल्ले को लोग इसका विरोध कर रहे हैं। इसे कई बार सील कराया गया। नगर निगम अफसरों से मिलकर दो बार डिच मशीन चलाकर कार्रवाई करवाई गई। उसके बावजूद बिल्डिंग मालिक ने अब अपनी मर्जी से निगम की तरफ से लगाई गई सील को तोड़कर दोबारा निर्माण काम शुरू कर दिया है। उन्होंने संयुक्त कमिश्नर मनदीप कौर को सारी पुरानी घटना से अवगत कराया और कड़ा एक्शन लेने की मांग की।
लोगों का कहना है कि यदि बिल्डिंग को आधिकारिक रूप से सील किया गया था, तो वह दोबारा कैसे खुल गई। उनका सवाल है कि यदि सील तोड़ी गई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब तक क्या कानूनी कार्रवाई हुई और यदि सील प्रशासन की अनुमति से हटाई गई है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है। जिसके बाद मनदीप कौर ने उन्हें आश्वासन दिलाया कि आरोपी के खिलाफ अब सीधा एफआईआर करने के आदेश दिया जाएगा।


