बीपीईओ कार्यालय का क्लर्क ₹10 हजार रिश्वत लेते विजिलेंस के हत्थे चढ़ा

आज की ताजा खबर क्राइम
Spread the love

ईटीटी अध्यापिका की चाइल्ड केयर लीव मंजूर कराने के बदले मांगी थी रिश्वत, शिकायत के बाद ट्रैप में गिरफ्तार


चंडीगढ़/होशियारपुर,

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा अधिकारी (बीपीईओ) कार्यालय, हाजीपुर (जिला होशियारपुर) में तैनात क्लर्क गगन को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई गांव सुल्तानपुर, जिला मालेरकोटला निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता की पत्नी गांव सहोरा, ब्लॉक हाजीपुर स्थित सरकारी एलीमेंट्री स्कूल में ईटीटी अध्यापिका है। वह अपनी पत्नी की चाइल्ड केयर लीव से संबंधित कार्य के लिए बीपीईओ कार्यालय गया था।

प्रवक्ता के अनुसार, कार्यालय में मुलाकात के बाद आरोपी क्लर्क ने शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर उसकी पत्नी की चाइल्ड केयर लीव स्वीकृत करवाने के एवज में ₹10,000 की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली।

रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो, रेंज जालंधर से संपर्क किया। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी क्लर्क को शिकायतकर्ता से ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।

विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ थाना विजिलेंस ब्यूरो, जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *