मोहल्ला निवासियों ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत, बिल्डिंग मालिक पर कार्रवाई की मांग की
संत नगर में अवैध बिल्डिंग का लंबे समय से चल रहा विवाद, कई बार कार्रवाई के बाद भी चालू है काम
जालंधर। लाडोवाली रोड स्थित संत नगर में अवैध बिल्डिंग का मामला एक बार फिर से गर्मा गया है। मोहल्ले के लोगों की शिकायत के बाद वीरवार को नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध बिल्डिंग का काम बंद करवा दिया है। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों और बिल्डिंग मालिक के बीच विवाद हो गया। जहां बिल्डिंग मालिक ने मोहल्ले के लोगों को जान से मरवाने की धमकियां तक दे दी।
पुलिस के पास पहुंचा मामला
इस बात से गुस्साए मोहल्ले के लोग तुरंत पुलिस कमिश्नर सतिंदर कुमार के पास पेश हुए। पुलिस कमिश्नर ने मामले की गंभीरता के देखते हुए थाना बारादरी के एसएचओ की ड्यूटी लगाई है। मोहल्ले के लोगों ने चेताया कि अगर बिल्डिंग को गिराया नहीं गया तो वह लोग सड़को पर उतर कर चक्का जाम करेंगे। लोगों की अगवाई पार्षद पति अश्वनी ढंड कर रहे थे।

कई बार हो चुकी कार्रवाई, फिर भी काम चालू
संत नगर मोहल्ला निवासियों हरप्रीत सिंह बांसल, इकबाल सिंह, लाडोवाली स्कूल मार्किट के प्रधान मनिंदर सिंह, चेयरमैन अनिल खन्ना, जसविंदर सिंह, परमजीत सिंह, चरण सिंह, कुलवंत सिंह और अन्य ने बताया कि मोहल्ले की गली के मोड पर बनी यह अवैध बिल्डिंग पूरी तरह से अवैध है। बिल्डिंग मालिक ने शिकायतों के बावजूद बेसमैंट खोदी और अब बिल्डिंग तैयार कर ली है। दो बार डिच मशीन चलने और चार बाद सील लगने के बाद भी उक्त बिल्डिंग का काम धड़ल्ले से जारी है। जिसकी शिकायत नगर निगम कमिश्नर से की गई थी। उन्होंने इस बिल्डिंग पर डिच मशीन चलाने और बिल्डिंग मालिक पर एफआईआर करने का आदेश दिए थे। उसके बावजूद काम जारी था। नगर निगम की तरफ से बिजली कनैक्शन भी कटवा दिया गया, लेकिन तब भी चोरी की बिजली से काम चल रहा है।
निगम की टीमों ने बंद कराया काम
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आज नगर निगम जाकर बिल्डिंग ब्रांच की टीमों को मौके पर कार्रवाई करने के लिए बुलाया था। टीमें पहुंची और उन्होंने काम बंद करवा दिया। जबकि निगम में हड़ताल के कारण बिल्डिंग पर बड़ी कार्रवाई नहीं हो पाई। लोगों ने बताया कि बिल्डिंग मालिक ने मौके पर उनके साथ बदसलूकी की और विवाद किया। जिसके बाद मामला पुलिस थाना तक पहुंच गया है। लोगों ने कहा कि इस बिल्डिंग पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।


