Hotel Meriton Controversy : पार्टनर्स में समझौता, नितिन कोहली और वनीत धीर ने करवाई बातचीत

आज की ताजा खबर बिजनेस
Spread the love

कई महीनों से चल रहा था मतभेद, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह की भी रही अहम भूमिका

ऐसे ही चलती रहेगी पार्टनरशिप, दोबारा विवाद होने पर अलग हो जाएंगे पार्टनर्स

जालंधर: शहर के प्रमुख होटल मैरिटन से जुड़े पार्टनर्स के बीच पिछले कई महीनों से चल रहा विवाद अब सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में आगे बढ़ गया है। संबंधित पक्षों के बीच हुई बैठक में लंबी बातचीत के बाद आपसी सहमति बनी और सभी पक्षों ने पुराने मतभेद पीछे छोड़कर सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ने का फैसला किया।

इस पूरे मामले में जालंधर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली और मेयर वनीत धीर ने संबंधित पक्षों को एक मंच पर लाने और बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों ने सभी पक्षों को आपसी संवाद, समझ और सहमति के माध्यम से मामले को सुलझाने के लिए प्रेरित किया।

मीटिंग में यश दुआ, विकास मित्तल, डॉ. परमजीत सिंह मरवाहा, इंदरपाल मरवाहा, इंदरजीत सिंह मरवाहा, गुरकिरपाल सिंह मरवाहा, गुरप्रीत सिंह मरवाहा, गुरसिमरन सिंह मरवाहा और गौतम कुकरेजा सहित मामले से जुड़े प्रमुख पार्टनर मौजूद रहे। इस दौरान सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह ढिल्लों, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह और विक्की तुलसी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

बातचीत से निकला समाधान

बैठक में हुई विस्तृत चर्चा के बाद सभी पक्षों ने शांति, आपसी सम्मान और सकारात्मक माहौल बनाए रखने पर सहमति जताई। लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों को पीछे छोड़कर भविष्य में आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया गया। नितिन कोहली ने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और प्रमुख संस्थानों से जुड़े विवादों का स्थायी समाधान बातचीत और आपसी समझ से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों का एक साथ बैठकर समाधान के लिए आगे आना सकारात्मक पहल है।

मेयर वनीत धीर ने भी समझौते का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इस पहल से मैरिटन से जुड़े पिछले कई महीनों से चले आ रहे मतभेदों का अंत होगा और सभी पक्ष सौहार्दपूर्ण माहौल में आगे बढ़ेंगे।

निगम से जुड़े मामलों में भी हस्तक्षेप का आग्रह

सूत्रों के अनुसार, बातचीत के दौरान मैरिटन से जुड़े निगम के स्तर पर लंबित अन्य मामलों को भी आपसी बातचीत से सुलझाने का मुद्दा उठा। संबंधित पक्षों ने मेयर से ऐसे मामलों में भी हस्तक्षेप कर समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहयोग का अनुरोध किया। गौरतलब है कि मैरिटन होटल अपने व्यावसायिक साझेदारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों के कारण चर्चा में रहा है। पिछले दिनों होटल से जुड़ी एक घटना के बाद यह विवाद फिर सुर्खियों में आया था।

हालांकि, अब हुई बातचीत के बाद सभी पक्षों ने विवाद को पीछे छोड़कर शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ने पर सहमति जताई है। नितिन कोहली ने बैठक में शामिल सभी पक्षों और समाधान की प्रक्रिया में सहयोग करने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा कि यह घटनाक्रम इस बात का उदाहरण है कि गंभीर से गंभीर विवाद भी संवाद, सामूहिक प्रयास और आपसी समझ के जरिए सुलझाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *