10 दिन स्थानीय त्योहारों और खास अवसरों पर बैंक बंद रहेंगे
वहीं, जनवरी 2026 में शेयर बाजार भी कुल 9 दिन बंद रहेगा
1 जनवरी को नए साल के मौके पर कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे
UPI, ATM, IMPS, NEFT और RTGS जैसी बैंकिंग सेवाएं चालू
नई दिल्ली
नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही जनवरी महीने में बैंकों की छुट्टियों को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार जनवरी 2026 में देश के अलग-अलग राज्यों में कुल 16 दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इनमें 4 रविवार, दूसरा और चौथा शनिवार शामिल हैं, जबकि 10 दिन अलग-अलग राज्यों में स्थानीय त्योहारों और खास अवसरों के कारण बैंक बंद रहेंगे। वहीं, जनवरी 2026 में शेयर बाजार भी कुल 9 दिन बंद रहेगा।
स्थानीय पर्वों के चलते बैंक बंद रहेंगे
RBI के मुताबिक 1 जनवरी को नए साल के मौके पर कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। 2 जनवरी को कुछ राज्यों में नववर्ष उत्सव और मन्नम जयंती के कारण छुट्टी रहेगी। 3 जनवरी को लखनऊ में हजरत अली जयंती पर बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 12 जनवरी को कोलकाता में स्वामी विवेकानंद जयंती, 14 जनवरी को मकर संक्रांति और माघ बिहू, 15 जनवरी को पोंगल और उत्तरायण पुण्यकाल, 16 और 17 जनवरी को चेन्नई में स्थानीय पर्वों के चलते बैंक बंद रहेंगे।
बैंक से जुड़े जरूरी काम निपटा लें
23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती और बसंत पंचमी के कारण कुछ राज्यों में अवकाश रहेगा, जबकि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर लगभग पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। सभी रविवार, दूसरा और चौथा शनिवार को देशभर में बैंक बंद रहेंगे। ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि बैंक से जुड़े जरूरी काम इन छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए पहले ही निपटा लें। हालांकि, बैंक बंद रहने के बावजूद UPI, ATM, IMPS, NEFT और RTGS जैसी ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चालू रहेंगी।

